![]()
नर्मदापुरम के सोहागपुर में आत्महत्या का प्रयास कर रही 18 वर्षीय युवती की जान बचाने वाले तीन पुलिसकर्मियों को सोमवार को पुलिस अधीक्षक साईं कृष्णा एस. थोटा ने सम्मानित किया। एसपी ने अपने कार्यालय में सोहागपुर थाने के एएसआई वरुण सिंह, आरक्षक मनोहर दायमा और महिला आरक्षक नेहा रघुवंशी को प्रशस्ति देकर उनके साहस और त्वरित कार्रवाई की सराहना की। सोहागपुर थाना प्रभारी गिरीश त्रिपाठी ने बताया कि 26 जुलाई को एक महिला ने सूचना दी थी कि उनकी 18 वर्षीय बेटी कमरे में खुद को बंद किए हुए है और दरवाजा नहीं खोल रही। सूचना मिलते ही एएसआई वरुण सिंह, आरक्षक मनोहर दायमा और महिला आरक्षक नेहा रघुवंशी को तिवारी कॉलोनी स्थित घर भेजा गया। दरवाजा तोड़कर कमरे में पहुंचे पुलिसकर्मी पुलिस टीम ने काफी देर तक दरवाजा खटखटाया और युवती को आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। स्थिति गंभीर देखते हुए आरक्षक मनोहर दायमा ने दरवाजा तोड़ दिया। अंदर पहुंचने पर पुलिसकर्मियों ने दूसरे कमरे में युवती को फंदे पर लटका पाया। तीनों ने तत्काल उसे नीचे उतारकर सुरक्षित बचा लिया। बचाए जाने के बाद युवती ने पुलिस को बताया कि उसके पिता का निधन हो चुका है। उसने 10वीं के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी। दादी की डांट से आहत होकर उसने आत्महत्या करने का प्रयास किया था। एसपी ने की त्वरित कार्रवाई की सराहना एसपी साईं कृष्णा एस. थोटा ने कहा कि पुलिसकर्मियों की सूझबूझ और समय पर की गई कार्रवाई से एक युवती की जान बच सकी। उन्होंने तीनों पुलिसकर्मियों को सम्मानित करते हुए भविष्य में भी इसी तरह संवेदनशीलता और तत्परता से कार्य करने की अपेक्षा जताई।
Source link
फंदे से युवती को बचाने वाले तीन पुलिसकर्मी का सम्मान:नर्मदापुरम एसपी ने किया सम्मानित; दरवाजा तोड़कर बचाई थी जान
