![]()
फतेहाबाद राइस मिलर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने मंगलवार को राज्यसभा सांसद सुभाष बराला से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राइस मिल उद्योग से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और मांगों के संबंध में एक ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने सांसद को सीएमआर (कस्टम मिल्ड राइस) की स्वीकृति और उठान में आ रही दिक्कतों सहित अन्य विषयों से अवगत कराया। उन्होंने इन समस्याओं के तत्काल समाधान की मांग की। राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने एसोसिएशन के प्रतिनिधियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने आश्वासन दिया कि व्यापारी और किसान हित को ध्यान में रखते हुए उनकी मांगों को प्रदेश और केंद्र सरकार के संज्ञान में लाया जाएगा। प्रदेश के 1400 राइस मिलर्स को आवंटित हुआ 62.12 लाख मीट्रिक टन धान बराला ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता किसानों को उनकी उपज का उचित प्रबंधन एवं बाजार उपलब्ध करवाने के साथ-साथ व्यापार एवं उद्योग से जुड़े लोगों के लिए अनुकूल वातावरण सुनिश्चित करना है। उन्होंने राइस मिलिंग व्यवस्था को कृषि आधारित अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी बताया और कहा कि इससे जुड़े व्यावहारिक विषयों पर संबंधित स्तर पर बातचीत की जाएगी। एसोसिएशन ने सांसद को बताया कि खरीफ विपणन सत्र (KMS) 2025-26 के दौरान हरियाणा के लगभग 1,400 राइस मिलर्स को 62.12 लाख मीट्रिक टन धान आवंटित किया गया था। इसके एवज में 41.62 लाख मीट्रिक टन सीएमआर भारतीय खाद्य निगम (FCI) को दिया जाना था। 6.94 लाख मीट्रिक टन सीएमआर अभी भी लंबित इसमें से 34.68 लाख मीट्रिक टन सीएमआर की आपूर्ति हो चुकी है, जबकि लगभग 6.94 लाख मीट्रिक टन सीएमआर अभी भी लंबित है। प्रतिनिधिमंडल ने सीएमआर की स्वीकृति एवं उठान की प्रक्रिया में तेजी लाने की मांग रखी। सांसद बराला ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों का उद्देश्य किसान, व्यापारी, उद्यमी और आमजन सभी के हितों में संतुलन स्थापित करते हुए कृषि एवं अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है। उन्होंने किसानों की फसल की खरीद, भंडारण और प्रोसेसिंग की पूरी व्यवस्था में राइस मिलर्स की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया। सांसद ने प्रतिनिधि मंडल को दिया समस्या के समाधान का आश्वासन उन्होंने भरोसा दिलाया कि मिलर्स के समक्ष आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों का समाधान होने से किसानों को भी इसका सकारात्मक लाभ मिलेगा। ज्ञापन में रखी गई मांगों को उचित स्तर पर उठाया जाएगा और व्यापारी हित में समाधान की संभावनाओं पर केंद्र एवं प्रदेश सरकार के संबंधित विभागों से बातचीत की जाएगी। राइस मिलर्स एसोसिएशन ने सांसद सुभाष बराला का आभार व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि सरकार के स्तर पर उनकी मांगों पर सकारात्मक विचार किया जाएगा। सांसद से मुलाकात करने वाले राइस मिलर्स में निर्मल सिंह, राम कुमार, लवप्रीत सिंह, प्रदीप शर्मा, अमृतपाल सिंह, जगसीर सिंह, कुलवीर सिंह, नसीब सिंह आदि प्रमुख रुप से शामिल रहे।
Source link
फतेहाबाद के राइस मिलर्स ने की सांसद से मुलाकात:बोले- धान उठान में आ रही दिक्कत, MP सुभाष बराला ने दिया समाधान का आश्वासन
