Headlines

फरीदकोट में किसानों का जेल भरो आंदोलन:21 ने दी गिरफ्तारी, अब तक 236 किसान जेल भेजे; खाली चेक-दस्तावेज लौटाने की मांग




फरीदकोट में पंजाब सरकार द्वारा शांतिपूर्ण प्रदर्शन के संवैधानिक अधिकार को कथित तौर पर कुचलने और किसानों की स्वीकार मांगों को लागू करवाने की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन एकता सिद्धूपुर ने जेल भरो आंदोलन शुरू किया है। आंदोलन के तहत सोमवार को 21 किसानों के जत्थे ने गिरफ्तारी दी। इससे पहले रविवार को भी 21 किसानों ने गिरफ्तारी दी थी। किसान नेताओं के मुताबिक, 29 अगस्त को प्रदेश स्तरीय प्रदर्शन से पहले पुलिस ने 194 किसानों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसके विरोध में संगठन ने जेल भरो आंदोलन शुरू किया। अब तक कुल 236 किसानों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिन्हें फरीदकोट, बठिंडा और फाजिल्का की जेलों में रखा गया है। इंद्रजीत सिंह बोले- किसानों को रास्ते में गिरफ्तार किया गया किसान नेता इंद्रजीत सिंह घनियां ने बताया कि फरीदकोट में 30 मार्च 2026 से लैंड मॉर्गेज बैंक के सामने किसानों का धरना चल रहा है। उन्होंने कहा कि 29 अगस्त के कार्यक्रम को विफल करने के लिए किसानों को रास्ते में ही गिरफ्तार कर लिया गया था। उन्होंने बताया कि संगठन की प्रदेश स्तरीय बैठक में आम लोगों को परेशानी से बचाने के लिए सड़कें जाम करने के बजाय जेल भरो आंदोलन चलाने का फैसला लिया गया है। किसान नेताओं ने कहा कि रोजाना अलग-अलग जत्थों में किसान गिरफ्तारियां देंगे। उन्होंने लैंड मॉर्गेज बैंक से किसानों के खाली दस्तावेज और चेक वापस करवाने, वन टाइम सेटलमेंट योजना लागू करने तथा शंभू और खनौरी मोर्चों में ट्रॉलियों समेत हुए नुकसान और चोरी की भरपाई की मांग की। मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन और तेज करने की चेतावनी दी गई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *