![]()
पंजाब में कर्मचारियों और पेंशनर्स की मांगों को लेकर आंदोलन तेज होने जा रहा है। फरीदकोट, फाजिल्का, फिरोजपुर, मोगा और श्री मुक्तसर साहिब के शिक्षक, कर्मचारी व पेंशनर्स 12 सितंबर को पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां के गांव संधवां स्थित आवास के सामने रोष रैली करेंगे। इसके बाद आवास का घेराव किया जाएगा। शुक्रवार को स्थानीय पेंशनर भवन में संयुक्त तालमेल कमेटी, पंजाब कर्मचारी एवं पेंशनर सांझा फ्रंट और सांझा कर्मचारी मंच जिला फरीदकोट के नेताओं की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता शिक्षक नेता सुखविंदर सिंह सुक्खी ने की। बैठक में फैसला लिया गया कि 12 सितंबर को सुबह 10 बजे पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां के गांव संधवां स्थित आवास के सामने रोष रैली की जाएगी। इसके बाद आवास का घेराव किया जाएगा। DC कार्यालय के सामने रोष रैली करने का भी फैसला बैठक को संबोधित करते हुए नेताओं ने वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा, कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा और कैबिनेट मंत्री डॉ. बलजीत कौर की ओर से कर्मचारियों को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस में गलत आंकड़े पेश करने और उन्हें बदनाम करने की निंदा की। इसके अलावा, सरकारी विभागों के कर्मचारियों की ओर से 8 सितंबर को सामूहिक अवकाश लेकर की जा रही कलम छोड़ हड़ताल के समर्थन में उसी दिन डीसी कार्यालय के सामने रोष रैली करने का भी फैसला लिया गया। उच्च अधिकारियों को 60 प्रतिशत डीए दिया जा रहा नेताओं ने कहा कि पंजाब सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि देश के कई राज्यों में कर्मचारियों और पेंशनर्स को 60 प्रतिशत डीए दिया जा रहा है, जबकि पंजाब में उन्हें 42 प्रतिशत डीए ही मिल रहा है। उनका आरोप है कि उच्च अधिकारियों को 60 प्रतिशत डीए दिया जा रहा है। वहीं आम कर्मचारियों और पेंशनर्स को इससे वंचित रखा गया है। मानदेय में दोगुनी वृद्धि का वादा भी पूरा नहीं हुआ उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 में कैबिनेट की ओर से पुरानी पेंशन योजना बहाल करने का फैसला लिया गया था, लेकिन इसे अभी तक लागू नहीं किया गया। आम आदमी पार्टी के चुनावी घोषणा पत्र में आशा वर्करों, मिड-डे मील वर्करों और आंगनवाड़ी वर्करों के मानदेय में दोगुनी वृद्धि का वादा भी पूरा नहीं हुआ।
Source link
फरीदकोट में 12 को स्पीकर संधवां के आवास का घेराव:शिक्षक-कर्मचारी और पेंशनर्स करेंगे प्रदर्शन; 8 को DC कार्यालय के समक्ष धरना
