![]()
फरीदकोट में रेल यात्रियों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने, किसी भी अप्रिय घटना को रोकने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जीआरपी थाना फरीदकोट की ओर से शुक्रवार को रेलवे स्टेशन पर विशेष सर्च ऑपरेशन के तहत व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई पंजाब की स्पेशल डीजीपी (रेलवे) शशि प्रभा त्रिवेदी के दिशा-निर्देशों और उच्च अधिकारियों के आदेशों पर की गई। अभियान का नेतृत्व जीआरपी थाना फरीदकोट के एसएचओ जसवीर सिंह और अतिरिक्त एसएचओ जसवीर कौर ने किया और उनकी निगरानी में जीआरपी जवानों ने रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। चेकिंग के दौरान पुलिस टीमों ने मेटल डिटेक्टर व अन्य सुरक्षा उपकरणों की मदद से प्लेटफॉर्म, वेटिंग रूम, टिकट खिड़कियों, पार्सल घर, पार्किंग क्षेत्र और रेलवे ट्रैक की बारीकी से जांच की। स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों के सामान की भी जांच की गई। वहीं, संदिग्ध नजर आने वाले लोगों से पूछताछ कर उनकी पहचान सत्यापित की गई। जीआरपी बोली- कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली जीआरपी के अनुसार, पूरे अभियान के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु या गैरकानूनी गतिविधि सामने नहीं आई और स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण पाई गई। इस मामले में अतिरिक्त एसएचओ जसवीर कौर ने कहा कि जीआरपी फरीदकोट यात्रियों की सुरक्षित और सुखद यात्रा के लिए 24 घंटे प्रतिबद्ध है। असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसने के लिए ऐसे औचक चेकिंग अभियान भविष्य में भी जारी रहेंगे। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि रेलवे स्टेशन या ट्रेन में कोई संदिग्ध व्यक्ति, लावारिस बैग अथवा अज्ञात वस्तु दिखाई देने पर उसे छूने के बजाय तुरंत जीआरपी हेल्पलाइन 1512 या ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी को सूचना दें।
Source link
फरीदकोट रेलवे स्टेशन पर जीआरपी का सर्च ऑपरेशन:प्लेटफॉर्म से ट्रैक तक चेकिंग; संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, यात्रियों की सुरक्षा बढ़ाई
