![]()
फरीदाबाद के पल्ला थाना क्षेत्र में बुधवार तड़के चार बदमाशों ने जमकर आतंक मचाया। सूर्या एन्क्लेव पार्ट-1 और सूरदास कॉलोनी की गलियों में नशे में धुत बताए जा रहे चार युवकों ने करीब 15 वाहनों को निशाना बनाकर उनके शीशे पत्थर मारकर चकनाचूर कर दिए। युवकों ने सड़क किनारे और घरों के बाहर खड़े वाहनों में जमकर तोड़फोड़ की। इस दौरान एक मकान पर भी पत्थर फेंके गए। पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसके आधार पर अब पुलिस आरोपियों की पहचान में जुटी है। सुबह होने पर घटना का पता चला घटना बुधवार सुबह करीब 4:30 बजे की बताई जा रही है। स्थानीय लोगों और सीसीटीवी के अनुसार, चार युवक बिना शर्ट और निकर पहने हुए गलियों में घूम रहे थे। उनके हाथों में पत्थर थे और वे रास्ते में खड़े वाहनों को निशाना बनाते हुए शीशे तोड़ रहे थे। अचानक हुई इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। सुबह के समय लोग अपने घरों से बाहर निकले तो कई वाहनों के शीशे टूटे हुए मिले। तोड़फोड़ का शिकार हुए वाहनों में तीन टैक्सी, स्कूटी, बाइक, थार, पिकअप और कई ऑटो शामिल बताए जा रहे हैं। एक साथ बड़ी संख्या में वाहनों को निशाना बनाए जाने से लोगों में रोष है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि बदमाशों को समय रहते नहीं रोका गया तो आने वाले दिनों में ऐसी घटनाएं और बढ़ सकती हैं। पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज टैक्सी ड्राइवर सुरेश ने बताया कि करीब एक महीने पहले उसका किसी व्यक्ति से विवाद हुआ था। बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था। सुरेश को शक है कि उसी पुराने विवाद से जुड़े लोगों ने शराब के नशे में उसके वाहन समेत अन्य वाहनों में तोड़फोड़ की है। हालांकि, इस आरोप की अभी पुलिस ने पुष्टि नहीं की है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल के मुताबिक, पल्ला थाना प्रभारी सत्य प्रकाश को तीन-चार वाहनों के शीशे टूटने की शिकायत मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। अब देखना होगा कि खुलेआम इलाके में उत्पात मचाने वाले इन बदमाशों तक पुलिस कितनी जल्दी पहुंचती है। यहां देखें फोटो…
Source link
फरीदाबाद में 4 युवकों ने तोड़े गाड़ियों के शीशे:15 वाहनों में की तोड़फोड़, सुबह होने पर पता चला, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
