![]()
फर्रुखाबाद के शमशाबाद में शुक्रवार शाम एक टेंपो पलटने से सात लोग घायल हो गए। यह हादसा शमशाबाद-फैजाबाद रोड पर मुरैठी गांव के पास हुआ, जब सभी लोग एक अंतिम संस्कार से लौट रहे थे। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार, ग्राम सुल्तानगंज खरेटा निवासी रामनरेश का हाल ही में निधन हो गया था। उनके अंतिम दर्शन के लिए एटा जनपद के थाना नयागांव क्षेत्र के गांव सुल्तानपुर पलरा से उनके परिजन आए थे। इनमें रामनरेश की साली रामसखी पत्नी रूपराम, रामरखी और उनके पति मातादीन, बहू किरण पत्नी कन्हैयाल, उनके दो मासूम बेटे आशिकी (3 वर्ष) और आशिक (1 वर्ष), तथा रामरखी का नाती सूरज (3 वर्ष) शामिल थे। अंतिम संस्कार के बाद ये सभी लोग टेंपो से वापस लौट रहे थे। शमशाबाद-फैजाबाद मार्ग पर मुरैठी गांव के पास अचानक सामने से एक तेज रफ्तार बाइक आ गई। बाइक को बचाने के प्रयास में टेंपो चालक ने अचानक मोड़ काटा, जिससे टेंपो असंतुलित होकर पलट गया। हादसे में टेंपो में सवार कुल सात लोग घायल हो गए। राहगीरों ने तत्काल 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी। एंबुलेंस चालक और परिचालक की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शमशाबाद पहुंचाया गया। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. अलीम अंसारी ने बताया कि घायलों में तीन छोटे बच्चे भी शामिल हैं। सभी का प्राथमिक उपचार शुरू कर दिया गया है। चीफ फार्मासिस्ट कमलेश बाबू और विजय कुमार की टीम घायलों की देखभाल कर रही है। डॉक्टरों के अनुसार, सभी की हालत स्थिर है, हालांकि कुछ को गंभीर चोटें आई हैं। इलाज जारी है। प्रभारी थाना अध्यक्ष प्रदीप कुमार ने बताया कि बाइक को बचाने के चक्कर में टेंपो पलटने से यह हादसा हुआ है। इस संबंध में अभी तक कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर लिया है और घायलों के परिजनों को सूचना दे दी गई है।
Source link
फर्रुखाबाद में टेंपो पलटने से 7 लोग घायल:अंतिम संस्कार से लौटते समय हादसा, बाइक बचाते समय बिगड़ा संतुलन
