बख्तियारपुर-मोकामा फोरलेन लगातार दो हादसे:जाम में ट्रक-पिकअप की टक्कर, 6 बकरियां मरीं; पहले वाहन की टक्कर से हुई थी एक व्यक्ति की मौत




पटना जिले के अथमलगोला थाना क्षेत्र में शुक्रवार को बख्तियारपुर-मोकामा फोरलेन पर लगातार दो हादसे हुए। चंदा बुजुर्ग के पास ‘न्यायाधीश’ का बोर्ड लगे एक चौपहिया वाहन ने बाइक से खेत देखकर घर लौट रहे स्थानीय निवासी अजित सिंह को रौंद दिया। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने मुआवजे और कार्रवाई की मांग को लेकर फोरलेन को जाम कर दिया। सड़क जाम के दौरान वाहनों में आगे निकलने की होड़ मच गई। इसी दौरान बख्तियारपुर की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक की पिकअप से सीधी टक्कर हो गई। टक्कर के बाद पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। पिकअप पर करीब 40 बकरियां लदी थीं। वाहन पलटने से उसमें दबकर 6 बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में पिकअप चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर एनएचएआई की एम्बुलेंस और राहत वाहन मौके पर पहुंचे। घायल चालक को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया। वहीं, पुलिस मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाने और यातायात सामान्य कराने में जुटी रही। गश्ती पुलिस के अनुसार, घायल पिकअप चालक का अस्पताल में इलाज चल रहा है। फोरलेन से जाम हटाने की कार्रवाई जारी है। दोनों हादसों के कारण सड़क पर काफी देर तक अफरातफरी की स्थिति बनी रही।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *