![]()
बठिंडा के गांव हररायेपुर में जमीन विवाद को लेकर रविवार देर शाम तेजधार हथियारों से हमला कर एक युवक की हत्या कर दी गई। हमले में हरप्रीत सिंह (33) की मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद जगसीर सिंह और लवप्रीत सिंह घायल हो गए। दोनों का इलाज सिविल अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
थाना नेहियांवाला पुलिस ने मृतक के भाई सिकंदर सिंह के बयान पर मुख्य आरोपी अमनदीप सिंह उर्फ अमना समेत 12 नामजद आरोपियों और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, मारपीट, धमकी और अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। जमीन पर तार लगाने के दौरान हमला
पुलिस को दिए बयान में सिकंदर सिंह ने बताया कि उसका भाई हरप्रीत सिंह रविवार सुबह अपने दोस्त जगसीर सिंह के साथ गांव हररायपुर गया था। शाम करीब 4:30 बजे सिकंदर भी वहां पहुंचा। उस समय हरप्रीत सिंह, जगसीर सिंह, लवप्रीत सिंह, लखवीर सिंह और अन्य लोग जमीन की सफाई कर रहे थे और वहां पोल लगाकर तारें लगाने का काम कर रहे थे।इसी दौरान 6-7 मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आरोपी अमनदीप सिंह उर्फ अमना और उसके साथी वहां पहुंचे। शिकायत के मुताबिक आरोपियों के हाथों में टकुए, लोहे की रॉड, पाइप, डंडे और अन्य हथियार थे। आरोपियों ने आते ही हरप्रीत सिंह और उसके साथियों को घेर लिया। सिर पर टकुआ मारकर गिराया
सिकंदर सिंह के अनुसार अमनदीप सिंह उर्फ अमना ने ललकारते हुए जमीन पर कब्जा करने की बात कही और हरप्रीत सिंह के सिर पर टकुए से वार कर दिया। वार लगने से हरप्रीत सिंह नीचे गिर गया। इसके बाद अन्य आरोपियों ने हरप्रीत सिंह, जगसीर सिंह और लवप्रीत सिंह पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। हमले के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया। हमलावरों ने जगसीर सिंह की स्विफ्ट कार में भी तोड़फोड़ की। कुछ देर बाद आरोपी हथियारों समेत मौके से फरार हो गए। अस्पताल पहुंचने पर हरप्रीत को मृत घोषित किया
हमले के बाद एंबुलेंस से हरप्रीत सिंह और लवप्रीत सिंह को सिविल अस्पताल गोनियाना मंडी ले जाया गया। वहां से हरप्रीत सिंह को गंभीर हालत में बठिंडा रेफर कर दिया गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं जगसीर सिंह को भी इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जगसीर और अमनदीप के बीच था जमीन विवाद
डीएसपी भुच्चो प्रितपाल सिंह के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घायल जगसीर सिंह और आरोपी अमनदीप सिंह उर्फ अमना के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में हमला किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इन पर दर्ज हुआ केस
पुलिस ने आरोपी अमनदीप सिंह उर्फ अमना, मनदीप सिंह, दिलप्रीत सिंह, तोसी सिंह, राजी प्रधान, कांते का भाई, हरिंदर सिंह, मेला सिंह, जाकी, कौर सिंह, निक्का फौजी, अमनदीप की वर्कशॉप पर काम करने वाला एक व्यक्ति और हरमन सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार कुछ आरोपियों की पहचान अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
——
Source link
बठिंडा में जमीन विवाद में युवक की हत्या:तेजधार हथियारों से किया हमला;दो घायल,वारदात के बाद आरोपी फरार, 12पर केस दर्ज
