Headlines

बड़ी खट्टाली के ग्रामीणों को दो माह से नहीं मिला राशन, आवेदन सौंपकर शिकायत की




भास्कर संवाददाता | आलीराजपुर जोबट तहसील के ग्राम बड़ी खट्टाली के ग्रामीण पिछले दो महीने से राशन के लिए परेशान हैं। राशन का वितरण न होने से नाराज ग्रामीणों ने मंगलवार को जनसुनवाई में पहुंचे और कलेक्टर के नाम आवेदन सौंप शिकायत की। सरपंच चेनसिंह डावर और यूथ कांग्रेस आईटी सेल के शोएब खान ने बताया कि बड़ी खट्टाली की शासकीय उचित मूल्य दुकान के विक्रेता द्वारा ग्रामवासियों को पिछले दो माह से राशन नहीं बांटा गया है। राशन न मिलने के कारण गांव के गरीब, मजदूरी करने वाले तथा बीपीएल परिवार संकट का सामना कर रहे हैं। जब भी ग्रामीण राशन लेने जाते हैं या देरी का कारण पूछते हैं, तो विक्रेता यह कहकर टाल देता है कि आगे से आवंटन ही नहीं आया है। इसके अलावा उचित मूल्य दुकान से आंगनवाड़ी केंद्र और स्कूलों में संचालित समूहों को भी पिछले 3 माह से राशन नहीं दिया जा रहा है। सरपंच डावर ने कहा कि वास्तव में राशन का आवंटन आगे से नहीं आया है या विक्रेता द्वारा कालाबाजारी और लापरवाही की जा रही है, प्रशासन से इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराएं। सरपंच ने बताया पूरे मामले से विधायक सेना पटेल को भी अवगत कराया गया है। प्रबंधक ने कहा- आगे से ही नहीं आया आवंटन इस पूरे मामले में उचित मूल्य दुकान बड़ी खट्टाली के प्रबंधक केरूसिंह गाडरिया का कहना है कि विगत दो माह से सोसायटी में आवंटन नहीं आया है। उनके पास मई-जून का जो आवंटन उपलब्ध था उसे ही हितग्राहियों को बांटा गया है। अपर कलेक्टर ने सुनी समस्याएं : जनसुनवाई में अपर कलेक्टर सोहन कनाश ने समस्याएं सुनी। रोड़धा के इडलसिंह चौहान ने 5 माह से दिव्यांग पेंशन नहीं मिलने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। इस दौरान अतिक्रमण, सीमांकन करने, पुलिया निर्माण, वेतन भुगतान, पीएम आवास योजना, जमीनी कब्‍जा, नामांतरण एवं बटवारे आदि से संबंधित 26 आवेदन प्राप्त हुए।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *