![]()
हिसार के बरवाला शहर में मुख्य सड़क पर बसें खड़ी कर सवारियां बैठाने और उतारने के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित होने को लेकर हिसार पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक हिसार सिद्धांत जैन ने बस ड्राइवरों एवं कंडक्टरों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि बसों का ठहराव निर्धारित बस स्टैंड के अंदर ही किया जाए। मुख्य सड़क को बस स्टॉप के रूप में इस्तेमाल कर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के संज्ञान में आया है कि बरवाला बस स्टैंड के अंदर जाने के बजाय कुछ सरकारी और निजी बस ड्राइवर मुख्य सड़क पर ही बस रोककर सवारियां बैठाते और उतारते हैं। कई बार सवारियों के इंतजार में बसें सड़क पर अनावश्यक रूप से खड़ी रहती हैं। इससे अन्य वाहनों के आवागमन में बाधा उत्पन्न होने के साथ जाम की स्थिति बनती है और दुर्घटना का खतरा भी बढ़ जाता है। बस ड्राइवरों पर रखी जाएगी निगरानी एसपी सिद्धाांत जैन ने संबंधित पुलिस अधिकारियों को बरवाला बस स्टैंड और उसके आसपास विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि बस ड्राइवरों को निर्धारित बस स्टैंड का ही इस्तेमाल करना होगा। मुख्य सड़क पर बस रोककर यातायात बाधित करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले के खिलाफ मौके के तथ्यों के आधार पर यातायात नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी। बस स्टैंड के अंदर ही रोकें बसें हिसार पुलिस ने बरवाला रूट पर चलने वाली सरकारी और निजी बसों के ड्राइवरों और कंडक्टरों से अपील की है कि बसें निर्धारित बस स्टैंड के अंदर ही रोकें और वहीं से सवारियों को बैठाएं या उतारें। सवारियों के इंतजार में सड़क पर बस खड़ी न करें और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें। एसपी ने कहा कि यातायात व्यवस्था सुचारू रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। मुख्य सड़क पर बस खड़ी करने से यातायात प्रभावित होने के साथ सड़क पर चलने वाले अन्य वाहन चालकों और यात्रियों की सुरक्षा भी प्रभावित होती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बस स्टैंड बसों के ठहराव के लिए है, जबकि मुख्य सड़क सुचारू यातायात के लिए है। निर्धारित स्थान पर बस रोककर यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
Source link
बरवाला में बस ड्राइवरों को पुलिस की हिदायत:बस स्टैंड के बाहर सड़क पर सवारी उतारी तो होगी कार्रवाई, एसपी ने दिए निर्देश
