![]()
गाजीपुर पुलिस ने चुनाव से पहले अवैध हथियारों की तस्करी पर कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को 38 हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। गुरुवार की दोपहर 12 बजे एसपी डॉ. इरज राजा ने बताया, 19 पिस्टल, 19 तमंचे और एक टीवीएस अपाचे बाइक जब्त की गई है। शुरुआती जांच में पता चला है कि इस नेटवर्क के तार बिहार, मध्यप्रदेश, झारखंड और आसपास के जिलों से जुड़े हैं। स्वाट, सर्विलांस और एसपी सिटी की टीम इसकी जांच कर रही थी। सूचना पर घेराबंदी कर तीनों को पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपी रतन विश्वकर्मा (19), रवि कुमार (19) और अभिषेक कुमार (20) हैं। ये गाजीपुर के हैं। पूछताछ में सामने आया कि इन्हें एक माध्यम से हथियारों की जानकारी मिलती थी। ये दूसरे राज्यों से हथियार लाकर ऑनलाइन पेमेंट के जरिए स्थानीय खरीदारों तक पहुंचाते थे। पुलिस हथियारों का स्रोत और गाजीपुर तक पहुंचने का रूट पता लगा रही है। पुलिस ने पकड़े गए युवकों से पूछताछ शुरू कर दी है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि उन्होंने अब तक किन लोगों को हथियार बेचे और किन ठिकानों से माल खरीदा। एसपी के मुताबिक कुछ लोग पुराने हैं, जबकि कई नए चेहरे भी सामने आए हैं। अधिकांश संदिग्धों की पहचान कर ली गई है और नेटवर्क की सभी कड़ियां जोड़ी जा रही हैं। डॉ. इरज राजा ने बताया कि गिरोह से जुड़े अन्य लोगों पर भी जल्द कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई के साथ संपत्ति जब्तीकरण की प्रक्रिया भी अपनाई जाएगी। फिलहाल तीनों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। एसपी ने कहा कि आगामी चुनाव को देखते हुए यह कार्रवाई महत्वपूर्ण है। चुनाव के दौरान अवैध हथियारों का इस्तेमाल या उनकी आवाजाही किसी आपराधिक घटना का कारण बन सकती है। इसी आशंका को देखते हुए पुलिस टीमें पहले से ऐसे नेटवर्क की निगरानी में जुटी थीं। अब बरामदगी के बाद हथियारों के पूरे नेटवर्क और संभावित खरीदारों तक पहुंचने की कार्रवाई तेज की जाएगी।
Source link
गाजीपुर में अवैध हथियार तस्करी का खुलासा:38 हथियारों के साथ तीन युवक गिरफ्तार, 19 पिस्टल और 19 तमंचे बरामद
