बस की टक्कर से दादी की मौत, पोती घायल:पोती गंभीर, चालक फरार; बच्ची ने पिता का नंबर बताकर परिजनों तक पहुंचाया संदेश




देवास शहर के उज्जैन तिराहे पर शुक्रवार दोपहर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 50 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि उनकी पांच वर्षीय पोती घायल हो गई। इंदौर से देवास पहुंचीं दादी-पोती बस से उतर रही थीं, तभी दूसरी यात्री बस ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक बस छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने बस जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, इंदौर के सदर बाजार निवासी 50 वर्षीय निगार सुलताना अपनी पांच वर्षीय पोती मरियम के साथ बस से देवास आई थीं। शुक्रवार दोपहर उज्जैन तिराहे पर बस से उतरने के दौरान दूसरी यात्री बस की चपेट में आने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों ने तत्काल दोनों को बस के नीचे से निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने निगार सुलताना को मृत घोषित कर दिया, जबकि मरियम के पैर में चोट आई है और उसका उपचार जारी है। मोबाइल टूटने से परिजनों तक पहुंचना हुआ मुश्किल हादसे में महिला का मोबाइल फोन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था, जिससे परिजनों से संपर्क करना मुश्किल हो गया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी अभिषेक यादव ने महिला के मोबाइल की सिम निकालकर अपने फोन में लगाई और संपर्क करने का प्रयास किया। बच्ची ने याद से बताया पिता का नंबर घायल होने के बावजूद पांच वर्षीय मरियम होश में थी। उसने अपने पिता का मोबाइल नंबर याद से बताया, जिसके आधार पर पुलिस ने परिजनों से संपर्क कर घटना की जानकारी दी। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *