![]()
पाकुड़ जिले के अमड़ापाड़ा मुख्य बाजार में बारिश के बीच तीन बदमाशों ने ज्वेलरी दुकान में घुसकर लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवर लूट लिए। वारदात के बाद बदमाशों ने तीन राउंड फायरिंग की और मोटरसाइकिल से महेशपुर की ओर फरार हो गए। घटना से पूरे बाजार में दहशत फैल गई। जानकारी के अनुसार, दोपहर के समय ब्लॉक मुख्यालय में तेज बारिश हो रही थी। इसी का फायदा उठाकर एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन बदमाश रेनकोट और हेलमेट पहनकर अमड़ापाड़ा मुख्य बाजार स्थित किशुन वर्मा ज्वेलर्स पहुंचे। तीनों दुकान के अंदर घुसे और हथियार के बल पर सोने-चांदी के जेवर लूट लिए। दुकान के अंदर एक, बाहर दो गोलियां चलाईं जेवर लूटने के बाद बदमाशों ने दुकान के अंदर एक राउंड फायरिंग की। इसके बाद वे तेजी से दुकान से बाहर निकले और बाजार में दो और गोलियां चलाईं। तीनों बदमाश पहले से खड़ी मोटरसाइकिल पर सवार हुए और महेशपुर की ओर भाग निकले। आसपास मौजूद लोगों ने बदमाशों को मोटरसाइकिल से भागते हुए देखा। दिनदहाड़े बाजार के बीच हुई फायरिंग से लोग सहम गए। घटना के बाद कुछ देर के लिए बाजार में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। लोगों के बीच बदमाशों की पहचान और वारदात को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस घटना की सूचना मिलते ही अमड़ापाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया। दुकान के अंदर से एक खाली खोखा भी बरामद किया गया है। पूरी वारदात दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने में जुटी है। घटना की जानकारी जिले के दूसरे थानों को भी दी गई है, ताकि फरार बदमाशों की तलाश में नाकेबंदी और जांच तेज की जा सके। पुलिस मोटरसाइकिल और बदमाशों के भागने वाले रास्ते की भी जानकारी जुटा रही है। महेशपुर एसडीपीओ ने मौके पर पहुंचकर ली जानकारी घटना की जानकारी मिलने के बाद महेशपुर एसडीपीओ विजय कुमार भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने आसपास के लोगों से घटना के बारे में जानकारी ली और घटनास्थल का जायजा लिया। एसडीपीओ ने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों और जवानों को बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जरूरी निर्देश दिए। पुलिस फिलहाल सीसीटीवी फुटेज और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। दिनदहाड़े बाजार में ज्वेलरी दुकान में लूट और फायरिंग की घटना के बाद स्थानीय लोगों में डर का माहौल है। लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि बदमाशों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के लिए जांच तेज कर दी गई है।
Source link
बारिश के बीच ज्वेलरी दुकान में लाखों की लूट:रेनकोट-हेलमेट पहनकर पहुंचे थे बदमाश, 3 राउंड फायरिंग के बाद जेवर लूट भागे
