![]()
मुस्कुराइए, आप भोपाल में हैं। सड़कों से गुजरते वक्त आपको थोड़ा संभलना होगा, क्योंकि एक भी सड़क ऐसी नहीं है, जहां गड्ढे न हों। चाहे वह मुख्य सड़कें हों या गली-कॉलोनियों की सड़कें। ऐशबाग में थाने के सामने ही करीब 80 मीटर लंबी सड़क गायब हो गई है। यानी इतने गड्ढे हैं कि सड़क दिखाई ही नहीं देती। पॉश इलाकों के भी यही हाल हैं। गड्ढों से हिचकोले खाते निकले वाहन को देखकर लगता है कि ये सड़कें डांसिंग स्पॉट हैं। अटल पथ, लिंक रोड नंबर-2, एमपी नगर, न्यू मार्केट, रोशनपुरा हो या कॉलोनियों की अंदरूनी सड़कें खस्ताहाल हैं। कहीं डामर उखड़ गया है तो कहीं बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। ऐसी कोई सड़क नहीं है, जो गड्ढों से न पटी हो। बारिश होने पर ये तालाब बन जाती हैं। यदि बारिश न हो तो धूल के गुबार उड़ने लगते हैं। हर रोज लाखों लोग परेशान हो रहे हैं। ऐशबाग थाना- ब्रिज बना, पर चालू नहीं, कीचड़ से निकलने को मजबूर
ऐशबाग थाने के सामने से गुजरने वाली सड़क की हालत बेहद खराब है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे के कारण रहवासियों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आम दिनों में भी यहां से निकलना मुश्किल होता है, वहीं बारिश के दौरान समस्या और गंभीर हो जाती है। बारिश के समय सड़क पर पानी भर जाने से वाहन चालकों के लिए खतरा बढ़ जाता है। पानी और गड्ढों के कारण बाइक और स्कूटी के फिसलने और पलटने का डर बना रहता है। कई बार दोपहिया वाहन दुर्घटनाग्रस्त भी हो चुके हैं। जिससे लोग घायल हुए हैं। सड़कों पर गड्ढे, गड्ढों में पानी भरा ऑटो चालकों का कहना है कि सड़क की खराब हालत के कारण यात्रियों को ले जाने में काफी दिक्कत होती है। बारिश के दौरान सड़क पर पानी भरने और गड्ढे दिखाई नहीं देने से हादसे का खतरा रहता है। कई बार यात्री भी डर के कारण बारिश के समय ऑटो में बैठने से बचते हैं। रहवासियों का कहना है कि यह समस्या कई वर्षों से बनी हुई है, लेकिन अब तक सड़क की उचित मरम्मत नहीं कराई गई है। लोगों ने जिम्मेदार अधिकारियों से जल्द सड़क की मरम्मत कराने और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है, ताकि बारिश के दौरान होने वाले हादसों को रोका जा सके और राहगीरों को राहत मिल सके। रायसेन रोड प गड्ढों से बचना मुश्किल
रायसेन रोड पर मेट्रो का काम चल रहा है। सुभाषनगर से लेकर रत्नागिरी चौराहे तक दोनों ओर सड़क की स्थिति ठीक नहीं है। जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। इस वजह से लोगों का गड्ढों से बचना मुश्किल हो जाता है। कई लोग रोज गिर रहे हैं। राहगीरों का कहना है कि सड़क की स्थिति इतनी खराब है कि रात के समय यहां से गुजरना मुश्किल हो जाता है। अंधेरे में सड़क के गड्ढे दिखाई नहीं देने के कारण हादसे का खतरा भी बना रहता है। दोपहिया वाहन चालकों को सबसे ज्यादा परेशानी होती है। बस और ऑटो चालकों के साथ-साथ रोजाना बाइक से आने-जाने वाले लोगों का कहना है कि खराब सड़क के कारण उन्हें हर दिन परेशानी उठानी पड़ती है। सड़क पर गड्ढों के चलते वाहनों की रफ्तार धीमी हो जाती है और कई बार अचानक ब्रेक लगाने की स्थिति बन जाती है, जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में मेट्रो स्टेशन और प्रमुख मार्ग होने के कारण यहां से बड़ी संख्या में लोग रोजाना गुजरते हैं। इसके बावजूद सड़क की हालत में सुधार नहीं किया जा रहा है। रहवासियों ने संबंधित विभाग से सड़क की जल्द मरम्मत कराने और गड्ढों को भरकर आवागमन को सुगम बनाने की मांग की है।
Source link
बारिश में उखड़ी सड़कें… हर जगह गड्ढे ही गड्ढे:भोपाल में थाने के सामने से 80 मीटर सड़क गायब; डांसिंग स्पॉट बन गईं
