Headlines

बालाघाट में 11 साल का बच्चा नदी में बहा:दोस्तों संग नहाने गया था, रेस्क्यू टीम तलाश में जुटी




बालाघाट के वारासिवनी थाना इलाके में रविवार शाम को चंदन नदी में नहाने गया 11 साल का श्रेयांश देशमुख पानी के तेज बहाव में बह गया। यह घटना शाम 4 से 5 बजे के बीच की है, लेकिन घर वालों और पुलिस को इसकी खबर करीब एक-दो घंटे बाद मिली। श्रेयांश अपने चार दोस्तों (साहिल, पार्थ देशमुख, भानु देशमुख और अनोख देशमुख) के साथ शहर के वार्ड नंबर 11 हैदराबाद मोहल्ला के पास से बहने वाली चंदन नदी में नहाने गया था। नहाते समय सबसे पहले अनोख डूबने लगा, जिसे पार्थ ने बचा लिया। इसके बाद पार्थ खुद गहरे पानी में चला गया, तो साहिल ने उसे बाहर निकाला। इसी बीच श्रेयांश भी गहरे पानी में चला गया और नदी के तेज बहाव में बह गया। यह देखकर उसके चारों दोस्त बुरी तरह डर गए और चुपचाप अपने-अपने घर लौट आए। उन्होंने डर के मारे किसी को कुछ नहीं बताया। जब शाम तक श्रेयांश घर नहीं पहुंचा और पता चला कि वह दोस्तों के साथ गया था, तब पूछताछ करने पर बच्चों ने डरते-डरते पूरी बात बताई। बालाघाट से बुलाई गई एसडीईआरएफ की टीम जैसे ही घर वालों को इस बात का पता चला, वे सदमे में आ गए। तुरंत पुलिस को खबर दी गई। सूचना मिलते ही बालाघाट से एसडीईआरएफ की टीम को श्रेयांश की खोजबीन के लिए बुलाया गया है, जो मौके के लिए निकल चुकी है। श्रेयांश के दोस्त पार्थ ने भी बताया कि श्रेयांश नदी में बह गया है। पुलिस और परिवार के लोग उसकी सलामती की दुआ कर रहे हैं। हालांकि, बारिश के मौसम की वजह से नदी में पानी बहुत तेज है, जिससे चिंता काफी बढ़ गई है। रात होने के कारण टीम को रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने में मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *