![]()
फर्रुखाबाद में शनिवार दोपहर करीब 12:30 बजे युवा व्यापार मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष अंकुर श्रीवास्तव के नेतृत्व में करीब एक दर्जन व्यापारियों ने चौक पर धरना दिया। व्यापारियों ने विद्युत निगम के खिलाफ बिजली कटौती और गलत बिल भेजने का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की। धरने को संबोधित करते हुए अंकुर श्रीवास्तव ने कहा कि शहर में लगातार बिजली कटौती की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिकायत या जानकारी के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों को फोन करने पर कॉल रिसीव नहीं की जाती। इसके अतिरिक्त, उपभोक्ताओं को गलत बिजली बिल भेजे जाने की भी शिकायतें मिली हैं।
धरने की सूचना पर शहर कोतवाल और बिजली विभाग के एसडीओ अजय सिंह मौके पर पहुंचे। एसडीओ अजय सिंह ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि बिजली आपूर्ति और बिलिंग संबंधी शिकायतों का शीघ्र समाधान कराया जाएगा तथा व्यवस्था में आवश्यक सुधार किए जाएंगे। इस आश्वासन के बाद व्यापारियों ने धरना समाप्त कर दिया। मालूम होकि शहर में लगातार बिजली कटौती हो रही है कभी मेंटेनेंस के कार्य के नाम पर कटौती होती है तो कभी तार बदलने के नाम पर कटौती की जाती है।
Source link
बिजली निगम के विरोध में व्यापारियों का चौक पर धरना:बिजली कटौती के साथ गलत बिल देने का भी आरोप
