![]()
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि बूंदी की जनता ने नगरीय निकाय चुनावों में विश्वास और भरोसे के साथ जनप्रतिनिधियों को चुनकर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। अब सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि वे सेवा, संवेदना और समर्पण के साथ जनता के इस विश्वास पर खरे उतरें। वे टाउन हॉल में आयोजित संपर्क संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। बिरला ने कहा कि जनप्रतिनिधि की भूमिका केवल नगर परिषद या नगरपालिका के कार्यों तक सीमित नहीं होनी चाहिए। जनता को यह भरोसा होना चाहिए कि उसकी प्रत्येक कठिनाई, दर्द और समस्या में उसका जनप्रतिनिधि उसके साथ खड़ा है।
बूंदी को विकास का मॉडल बनाने का लक्ष्य बिरला ने कहा कि इस बार बूंदी जिले में नगरीय निकायों में जनता ने व्यापक जनादेश दिया है। यह जनता के आशीर्वाद के साथ कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत और निरंतर सेवा का परिणाम है। आने वाले समय में बूंदी के विकास को ऐसा स्वरूप देने का प्रयास किया जाएगा, जो राजस्थान में विकास का मॉडल बने। हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचे सरकारी योजना का लाभ बिरला ने कहा कि आधार कार्ड, खाद्य सुरक्षा, पालनहार, पेंशन, किसान सम्मान निधि सहित विभिन्न योजनाओं से वंचित पात्र लोगों को लाभ दिलाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। लक्ष्य है कि कोटा-बूंदी क्षेत्र में जो व्यक्ति जिस योजना का पात्र है, उसे उस योजना का लाभ मिले। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे प्रत्येक परिवार के दस्तावेजों की जांच करें। जहां आधार, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र या अन्य दस्तावेजों में विसंगति है, वहां उसे ठीक करवाने में सहयोग करें। उन्होंने बूंदी में आधार संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए स्थायी केंद्र प्रारंभ किए जाने की बात भी कही। किसानों को खाद और सिंचाई के पानी की कमी नहीं आने देंगे किसानों का उल्लेख करते हुए बिरला ने कहा कि सिंचाई के लिए पानी की आवश्यकता सामने आने पर मध्य प्रदेश और राजस्थान सरकार के स्तर पर चर्चा कर नहरों में पानी छुड़वाने का प्रयास किया गया, जिससे किसानों की फसल को राहत मिली। उन्होंने कहा कि किसानों को डीएपी और यूरिया की कमी नहीं आने देने के लिए भी प्रयास किए जाएंगे। समर्थन मूल्य पर खरीद हो, खाद की उपलब्धता हो, पीने का पानी हो या खेतों तक सिंचाई का पानी—किसानों और ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से किया जाएगा।
Source link
बिरला बोले- जनप्रतिनिधि सेवा से जनता का दिल जीतें:गांव-गांव, घर-घर पहुंचकर पात्र व्यक्ति को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाएं
