Headlines

बिलासपुर में नवरात्रि पर मंदिरों में उमड़ी भीड़:अरपा मैया की महाआरती, सेलिब्रिटिज संग गरबा-डांडिया शुरू, ट्रैफिक पुलिस ने जारी किया रूट प्लान




छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में शारदीय नवरात्रि के पहले ही दिन रविवार देवी आराधना की धूम रही। सुबह से लेकर रात तक मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी रही। मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना के साथ मंदिरों में घटस्थापना कर ज्योति कलश प्रज्वलित किए गए। वहीं, मां अरपा की महाआरती कर नदी संरक्षण का संदेश दिया गया। शहर में जगह-जगह दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं और गरबा-डांडिया के आयोजन भी शुरू हो गए हैं, जिसमें सेलिब्रिटिज संग युवक-युवतियां गरबा करते नजर आए। पहले दिन से ही धार्मिक स्थलों और आयोजन स्थलों पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। तेलीपारा में शाम 5 बजे से रात 12 बजे तक भीड़ और यातायात के दबाव के अनुसार चारपहिया और बड़े वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित कर रूट डायवर्ट किया जा सकता है। महामाया मंदिर में पहले ही दिन उमड़ी भक्तों की भीड़, 30 हजार ज्योति कलश प्रज्वलित रतनपुर स्थित आदिशक्ति मां महामाया मंदिर में नवरात्रि के पहले दिन सुबह से ही दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी, दोपहर से लेकर रात तक यहां भक्तों का तांता लगा रहा। मां महामाया के साथ भैरव बाबा मंदिर, गिरजाबंद हनुमान मंदिर और शहर व अंचल के अन्य देवी मंदिरों में भी भक्तिमय माहौल रहा। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मंदिर प्रबंधन के अनुसार, इस साल घी, तेल और आजीवन मनोकामना ज्योति कलश की संख्या करीब 30 हजार तक पहुंच गई है। ज्योति कक्षों में कलश प्रज्वलित करने और उनकी नियमित देखरेख के लिए ज्योति रक्षकों की तैनाती की गई है। MLA सुशांत शुक्ला ने शुरू किया ध्वजा यात्रा, 48 ग्राम पंचायतों तक करेंगे पदयात्रा बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने गिरजाबंद हनुमान मंदिर से ध्वजा पदयात्रा शुरू की। 7 दिनों तक चलने वाली यह यात्रा बेलतरा विधानसभा क्षेत्र की 48 ग्राम पंचायतों से होकर गुजरेगी। 17 अक्टूबर को मां महामाया मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ यात्रा का समापन होगा। पहले दिन यात्रा गिरजाबंद स्थित हनुमान मंदिर से शुरू होकर रतनपुर रेस्ट हाउस, ओछीनापारा चौक, खैरखुंडी, सरवनदेवरी, लखराम, अकलतरी, गड़वट और बाम्हू सहित विभिन्न गांवों से होकर आगे बढ़ी। पहले दिन टेकर में रात्रि विश्राम किया गया। इस दौरान सचिन तिवारी का सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। अरपा मैया की महाआरती, नदी संरक्षण का संकल्प शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिन अरपा अर्पण महाअभियान जन आंदोलन की ओर से मां अरपा की महाआरती आयोजित की गई। आयोजन में बिलासपुर शहर के साथ आसपास के क्षेत्रों से भी श्रद्धालु शामिल हुए। शाम 7.30 बजे पांच वेदपाठी आचार्यों ने विधि-विधान से महाआरती शुरू की। गुग्गुल और हवन सामग्री की सुगंध से अरपा तट का वातावरण भक्तिमय हो गया। महाआरती के दौरान ‘जय जय अरपा मैया’ के जयकारे गूंजते रहे। संत रामरूपदास महात्यागी जी, रामाश्रय श्रीहरिहर क्षेत्र मदकू और प्रदेशाध्यक्ष सर्व संत समाज छत्तीसगढ़ ने प्रकृति को मां का स्वरूप बताते हुए उसकी सेवा को सबसे बड़ी सेवा बताया। अरपा अर्पण महाअभियान के संस्थापक-अध्यक्ष श्याम मोहन दुबे ने लोगों से नदियों में कचरा, फूल-माला और अन्य पूजन सामग्री नहीं डालने की अपील की। उन्होंने पेड़-पौधों पर पोस्टर और विज्ञापन लगाने से बचने तथा पौधारोपण के बाद उनकी नियमित देखभाल करने का आग्रह किया। डॉ. श्रीश मिश्रा ने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि लोग गंदगी न फैलाएं, पेड़-पौधों को नुकसान न पहुंचाएं और बदलाव की शुरुआत खुद से करें। महाआरती के दौरान बिलासपुर सहित पूरे विश्व की शांति, सुख, स्वास्थ्य और सदाचरण की कामना की गई। फेमिना मिस इंडिया बोलीं-बिलासपुर मेरी जन्मभूमि शहर सरकंडा अशोक नगर, होटल सीपीआई में नवरात्र पर्व के पहले ही दिन से रास गरबा शुरू हो गया है। पहले दिन फेमिना मिस इंडिया अनुष्का सोन शामिल हुईं। भिलाई की एमबीबीएस छात्रा रही अनुष्का ने कहा कि छत्तीसगढ़िया सबसे बढ़िया। उन्होंने कहा कि बिलासपुर की धरती से मेरी जिंदगी की शुरुआत हुई, जिसमें सबने मेरा सपोर्ट किया। फेमिना मिस इंडिया का खिताब जीतने में भी सहयोग रहा। सेलिब्रिटिज संग डांडिया करेंगे युवा, कल आएंगे एक्टर रवि किशन प्रजाराज्यम ग्रुप के ‘पंखिड़ा सीजन 4 की शुरूआत आज से होगी। इस आयोजन के पहले दिन छोटे पर्दे से लेकर बड़े पर्दे तक कई शानदार प्रोजेक्ट्स पर काम करने वाली स्टार प्लस फेम की ऐश्वर्या राज भाकुनी आएंगी। 13 अक्टूबर को मशहूर एक्टर रवि किशन और सोनल चौहान मौजूद रहेंगे। वहीं, 14 अक्टूबर से आयोजित रास डांडिया में फिल्म एक्टर उर्मिला मातोंडकर शिरकत करेंगी। इसके साथ ही उसलापुर स्थित रॉयल पार्क होटल में 14, 15 और 16 अक्टूबर को ‘शक्ति नवरात्र गरबा 2026 का आयोजन किया गया है। जिसमें ‘झांसी की रानी’ फेम अभिनेत्री उल्का गुप्ता शिरकत करेंगी। जानिए…दुर्गा पंडालों और गरबा स्थलों के लिए ट्रैफिक प्लान नवरात्रि में दुर्गा पंडालों में दर्शन, गरबा-डांडिया और विजयादशमी पर रावण दहन के कार्यक्रमों के दौरान शहर में यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए यातायात पुलिस ने आयोजन समितियों के साथ समन्वय कर पार्किंग, प्रवेश-निकास और रूट डायवर्जन की व्यवस्था बनाई है। प्रमुख आयोजन स्थलों के आसपास पुलिस की टीम तैनात रहेगी। तेलीपारा में शाम 5 से रात 12 बजे तक प्रतिबंध की तैयारी: मां दुर्गा के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए तेलीपारा में भीड़ और यातायात के दबाव के अनुसार चारपहिया और बड़े वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित किया जा सकता है। जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक मार्गों से वाहनों को निकाला जाएगा। चार स्थानों पर पार्किंग: सरकंडा की ओर से आने वाले वाहन न्यू रिवर व्यू पार्किंग में खड़े किए जा सकेंगे। शनिचरी मार्केट की ओर से आने वालों के लिए हैप्पी स्ट्रीट, कोतवाली क्षेत्र से आने वालों के लिए मल्टीलेवल पार्किंग और लाल बहादुर शास्त्री हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर का मैदान निर्धारित किया गया है। नेहरू चौक और बृहस्पति बाजार की ओर से आने वाले वाहन वाजपेयी ग्राउंड में पार्क किए जा सकेंगे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *