Headlines

बिलासपुर स्टेशन पर बाइक रेंटल सेवा शुरू:दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे जोन में यात्रियों के लिए नई पहल, अब स्टेशन से शहर घूमना आसान




दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के बिलासपुर स्टेशन पर पहली बार बाइक रेंटल सेवा शुरू की गई है। स्टेशन पर कोच रेस्टोरेंट के पास उपलब्ध इस सुविधा का उद्घाटन प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक विजय कुमार ने वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह की उपस्थिति में किया। बिलासपुर रेल मंडल ने यात्रियों की सुविधा और बेहतर स्थानीय परिवहन व्यवस्था के लिए यह अभिनव पहल की है। इस सेवा से यात्रियों को स्टेशन से शहर के विभिन्न स्थानों तक आने-जाने के लिए सुविधाजनक, किफायती और त्वरित परिवहन विकल्प मिलेगा। स्टेशन से शहर जाना हुआ आसान यह बाइक रेंटल सेवा उन यात्रियों के लिए विशेष रूप से उपयोगी होगी जिन्हें बिलासपुर में कम दूरी के लिए त्वरित आवागमन की आवश्यकता है। यात्री टैक्सी या ऑटो का इंतजार किए बिना अपनी सुविधा के अनुसार यात्रा कर सकेंगे। इससे यात्रा में लगने वाले समय और स्थानीय आवागमन पर होने वाले खर्च दोनों की बचत होगी। यह सुविधा पर्यटकों, छात्रों, व्यावसायिक यात्रियों और स्थानीय नागरिकों के लिए भी फायदेमंद साबित होगी। वे स्टेशन से शहर के प्रमुख स्थानों तक आसानी से पहुंच सकेंगे और अपनी सुविधानुसार शहर का भ्रमण भी कर पाएंगे। रेल प्रशासन के अनुसार, यह बाइक रेंटल सेवा 24 घंटे और सप्ताह के सातों दिन उपलब्ध रहेगी। इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए वैध ड्राइविंग लाइसेंस और आधार कार्ड प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। बाइक किराए की दरें भी घोषित कर दी गई हैं। 4 घंटे तक के लिए 100 रुपये, 4 से 8 घंटे तक के लिए 200 रुपये, 8 से 16 घंटे तक के लिए 300 रुपये और 16 से 24 घंटे तक के लिए 400 रुपये निर्धारित किए गए हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *