Headlines

बेगूसराय बस स्टैंड में 10 राउंड फायरिंग, दो लोग घायल:जुआ कारोबारी की जांघ में लगी गोली, बोला- मेरी हत्या करने आए थे; फल विक्रेता भी लगी बुलेट




बेगूसराय बस स्टैंड में बुधवार सुबह बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ 8 से 10 राउंड फायरिंग की। घटना में दो लोग गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान नगर थाना क्षेत्र के गाछी टोला निवासी जुआ कारोबारी मनोज पासवान और फल विक्रेता अर्जुन साह के रूप में हुई है। घटना नगर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। जहां एक घायल को सदर अस्पताल और दूसरे को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि नगर थाना क्षेत्र के गाछी टोला निवासी मनोज पासवान जमीन और फल के व्यवसाय से जुड़ा है। घायल जुआ कारोबारी का आपराधिक इतिहास भी रहा है घायल जुआ कारोबारी मनोज पासवान का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है। इन दिनों मनोज पासवान बस स्टैंड के पास जुआ का कारोबार करवाता है। मनोज पासवान रोज की तरह सुबह करीब 5:30 बजे वे अपने घर से निकला और बस स्टैंड के समीप स्थित एक चाय दुकान पर रुककर चाय पी रहा था। इसी दौरान एक पर आए दो अपराधियों ने मनोज पासवान को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं। अचानक हुई इस फायरिंग में एक गोली मनोज पासवान के जांघ में लग गई। गोली लगते ही मनोज पासवान अपनी जान बचाने के लिए अपने घर की दिशा में भागने लगे, लेकिन बेखौफ अपराधियों ने उसका पीछा करते हुए खदेड़कर फिर फायरिंग की। बदमाशों की ओर से मनोज पासवान पर की जा रही गोलीबारी की चपेट में पास ही फुटपाथ पर अपनी दुकान लगा रहे फल विक्रेता अर्जुन साह भी आ गए। अर्जुन साह उस समय अपनी ठेले की फल दुकान सजा रहे थे। इसी दौरान अपराधियों की ओर से चलाई गई एक गोली अर्जुन साह की जांघ में भी जा लगी। गोली लगते ही वे वहीं लहूलुहान होकर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बाइक सवार अपराधी मौके से हथियार लहराते हुए पावर हाउस की ओर हथियार लहराते हुए फरार हो गए। घायल जुआ कारोबारी ने कहा- किसी से कोई दुश्मनी या विवाद नहीं घायल मनोज पासवान ने बताया कि वे रोज की तरह बस स्टैंड आए थे। इसी बीच बाइक पर सवार दो अज्ञात युवक पहुंचे और अचानक उन पर फायरिंग शुरू कर दी। उनकी किसी से कोई सीधी दुश्मनी या विवाद नहीं था और न ही वे गोली चलाने वाले अपराधियों को पहचानते हैं। मनोज पासवान ने बताया कि अपराधियों का मुख्य मकसद उनकी हत्या करना ही था, क्योंकि वे लगातार उन्हें ही टारगेट कर गोलियां चला रहे थे। वहीं, घायल फल विक्रेता अर्जुन साह के बड़े बेटे अजय कुमार ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि उनके पिता 20-25 वर्षों से बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन के बीच फुटपाथ पर ठेले पर फल बेचने का काम करते हैं। आज उनके पिता सुबह करीब 5:40 बजे घर से अपनी फल की दुकान खोलने निकले थे। दुकान खोलने के बाद वे मंडी से फल लाने की तैयारी में थे, तभी अचानक यह वारदात हो गई। अजय कुमार ने बताया कि उनके पिता का किसी भी व्यक्ति के साथ कोई आपसी रंजिश या दुश्मनी नहीं है। अपनी दुकान खोल रहे थे और उन्हें आसपास की किसी गतिविधि का पता नहीं चल सका। अचानक चली गोली उनकी जांघ में लग गई। अजय कुमार ने बताया कि घटना के करीब 10-15 मिनट बाद सुबह 6 बजे के आसपास परिजनों को इस बात की सूचना मिली। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे और घायल हालत में उन्हें अस्पताल लेकर आए। जुआ से जुड़े मामले में हारने वाले पर फायरिंग की आशंका बस स्टैंड के पास रहने वाले स्थानीय लोग और घटना के प्रत्यक्षदर्शी ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि पावर हाउस रोड गाछी टोला का रहने वाला मनोज पासवान बस स्टैंड, ट्रैफिक चौक और रेलवे स्टेशन से लेकर पावर हाउस तक जुआ का कारोबार करवाता है। मंगलवार को एक युवक इसके गैंग के चक्कर में फंस गया और हारने लगा तो इसके सहयोगियों ने जीतने का विश्वास दिलाया। लेकिन 20 हजार हार गया। इसके बाद उसने गुहार लगाई कि 500 रुपए दे दो, ताकि मैं घर चला जाऊं, लेकिन उन लोगों ने पैसा नहीं दिया। इस दौरान मनोज पासवान भी वहां मौजूद था और मनोज पासवान के साथ उसके गिरोह के सदस्यों ने युवक के साथ मारपीट की थी। इसी के प्रतिशोध में यह घटना हुई है। पुलिस ने घटनास्थल से तीन खोखे बरामद किए घटना की सूचना मिलते ही सदर डीएसपी प्रशांत कुमार और नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की तफ्तीश में जुट गई। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मौके पर से तीन चले हुए खोखे बरामद किए। इसके साथ ही पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। सीसीटीवी फुटेज में बाइक सवार दोनों बदमाशों की तस्वीरें कैद हुई हैं, जिनके आधार पर पुलिस अपराधियों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि मनोज पासवान के आपराधिक इतिहास को ध्यान में रखते हुए भी मामले की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में यह बात सामने आ रही है कि हमलावरों का मुख्य निशाना मनोज पासवान ही थे और फल विक्रेता अर्जुन साह बीच में आने के कारण गोली का शिकार बन गए। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर मामले की छानबीन कर रही है कि इस जानलेवा हमले के पीछे की असली वजह पुरानी रंजिश है या फिर कोई व्यावसायिक विवाद।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *