बैजनाथ में 1.813 किलो चरस बरामद, 6 गिरफ्तार:17 साल का किशोर परिजनों को सौंपा, तीन वाहन भी पुलिस ने जब्त किए




हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत कांगड़ा पुलिस की सीआईए टीम ने बैजनाथ में बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने गनखेतर रेलवे क्रॉसिंग के पास नाकाबंदी कर 1 किलो 813 ग्राम चरस बरामद की। पुलिस ने मौके से छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके साथ मौजूद 17 वर्षीय किशोर को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद परिजनों के हवाले कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, सीआईए टीम को सूचना मिली थी कि इलाके में नशीले पदार्थों की खेप ले जाई जा रही है। इसके बाद टीम ने गनखेतर रेलवे क्रॉसिंग के पास वाहनों की चेकिंग शुरू की। संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर वाहनों की तलाशी ली गई, जिसमें चरस बरामद हुई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ऑल्टो K10 कार (HP 01 DA 1762), होंडा स्कूटी (HP 37 G 3170) और पल्सर 220 मोटरसाइकिल (HP 37 J 1763) भी जब्त की हैं। पुलिस इन वाहनों के नशीले पदार्थों की ढुलाई में इस्तेमाल होने की भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित कुमार (28), अशोक कुमार (35), अश्वनी कुमार (23), अतुल कुमार (24), आयुष कुमार (21) और अक्षय कुमार (27) के रूप में हुई है। इनमें पांच आरोपी पालमपुर क्षेत्र के रहने वाले हैं, जबकि अशोक कुमार छत्तीसगढ़ के बिलासपुर का निवासी है। थाना बैजनाथ में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब चरस के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। पूछताछ के आधार पर आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। कांगड़ा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *