![]()
बोकारो सेक्टर-4 स्थित सूर्य सरोवर तालाब में हजारों मछलियों की मौत से इलाके में हड़कंप मच गया है। तालाब की सतह पर जगह-जगह मरी हुई मछलियां दिखाई दे रही हैं। मछलियों के सड़ने से आसपास के इलाके में तेज दुर्गंध फैल गई है, जिससे स्थानीय लोगों में बीमारी फैलने की आशंका बढ़ गई है। हालांकि, मछलियों की मौत का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। स्थानीय लोगों को आशंका है कि किसी ने तालाब में जहरीला पदार्थ डाल दिया होगा या फिर पानी में बढ़े प्रदूषण के कारण मछलियों की जान गई है। डिटर्जेंट के इस्तेमाल से प्रदूषण की आशंका स्थानीय निवासी महावीर मांझी ने बताया कि विश्वकर्मा पूजा के दिन बड़ी संख्या में वाहन इसी तालाब में धोए गए थे। इस दौरान डिटर्जेंट का भी इस्तेमाल किया गया था। ऐसे में पानी में रसायन की मात्रा बढ़ने से मछलियों की मौत की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मछलियां जहरीले पदार्थ से मरी हैं या पानी में बढ़े प्रदूषण के कारण, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। स्थानीय लोगों के अनुसार, सूर्य सरोवर तालाब की नीलामी नहीं हुई है, इसके बावजूद किसी व्यक्ति ने तालाब में मछलियों के बीज डाले थे। पानी और मछलियों की जांच की मांग सूर्य सरोवर का इस्तेमाल लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के दौरान भी किया जाता है। छठ पूजा से पहले बीएसएल प्रबंधन की ओर से तालाब की सफाई कराई जाती है। ऐसे में हजारों मछलियों की मौत और तालाब के पानी के प्रदूषित होने की आशंका ने आने वाली छठ पूजा को लेकर सफाई व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि तालाब में मरी मछलियों को तत्काल हटाने के साथ पानी की गुणवत्ता की भी जांच कराई जानी चाहिए, ताकि प्रदूषण के वास्तविक कारण का पता चल सके। लोगों ने संबंधित विभाग और प्रबंधन से तालाब के पानी तथा मरी हुई मछलियों के नमूने लेकर जांच कराने की मांग की है।
Source link
बोकारो के सूर्य सरोवर में हजारों मछलियां मरीं:तालाब की सतह पर तैरती दिखीं मरी मछलियां, सड़ने से फैली दुर्गंध
