![]()
बोकारो पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नौ लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने बताया कि ये सभी अपराधी बिहार के विभिन्न जिलों से संबंध रखते हैं और बोकारो में रहकर साइबर ठगी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। जांच में सामने आया है कि ये अपराधी आरएम टूर एवं ट्रेवल्स एजेंट और बैंककर्मी बनकर लोगों को झांसे में लेते थे। विश्वास जीतने के बाद वे उनके साथ ठगी करते थे। पुलिस ने इनके पास से 43,100 रुपये नकद बरामद किए हैं। विभिन्न खातों में ट्रांसफर की गई राशि को बैंकों में होल्ड करा दिया गया है। अपराधियों के पास से 10 मोबाइल फोन, 9 सिम कार्ड, 18 बैंकों के पासबुक, तीन चेक बुक और 10 डेबिट कार्ड भी जब्त किए गए हैं। एसपी मीणा ने बताया कि इन अपराधियों के तार बिहार से जुड़े हैं और इनके सरगना बिहार में बैठकर गिरोह का संचालन करते हैं। पुलिस उस मकान मालिक के खिलाफ भी कार्रवाई करेगी, जिसके घर में रहकर ये अपराधी घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। गिरफ्तार किए गए अपराधियों में सम्राट कुमार विनय, निरंजन कुमार, सुदामा कुमार, नीतीश कुमार, सुबोध कुमार, प्रेमचंद कुमार, धर्मराज कुमार, बृजेश कुमार और रवि प्रभाकर शामिल हैं। एसपी के अनुसार, सम्राट कुमार विनय बोकारो के सेक्टर 3 का निवासी है, जबकि अन्य सभी अपराधी बिहार के हैं। इनके आपराधिक इतिहास खंगाले जा रहे हैं। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि इस पूरे साइबर अपराध नेटवर्क को ध्वस्त करने का काम किया जाएगा।
Source link
बोकारो में 9 साइबर अपराधी गिरफ्तार:बिहार से जुड़े तार, नवादा से ऑपरेट करते थे मास्टरमाइंड; बैंककर्मी बनकर करते थे ठगी
