![]()
सीधी जिले के रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र के रायखोर में गुरुवार दोपहर 3 बजे तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में गिर गई। हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके सिर में गहरी चोट लगी है, जिससे उसकी पहचान नहीं हो पाई है। आसपास के लोगों ने घायल को गाड़ी से बाहर निकाला और 108 एंबुलेंस से रीवा के संजय गांधी अस्पताल भेजा। बोलेरो रामपुर नैकिन से सीधी की तरफ जा रही थी। रायखोर के पास अचानक गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया। प्रत्यक्षदर्शी सचिन मिश्रा ने बताया कि गाड़ी तेज रफ्तार में थी। अचानक ब्रेक फेल होने के बाद बोलेरो सड़क पर बेकाबू होकर इधर-उधर भागने लगी। कुछ ही देर में गाड़ी सड़क से नीचे खाई में गिर गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने तुरंत घायल व्यक्ति को बोलेरो से बाहर निकाला। घायल ने पीले रंग की शर्ट और काले रंग की पैंट पहन रखी थी। सिर में गंभीर चोट के कारण उसकी हालत चिंताजनक है और अभी तक उसकी पहचान नहीं हो पाई है। दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो को बाहर निकालने के लिए अंशिका क्रेन सर्विस को बुलाया गया। क्रेन की मदद से गाड़ी को खाई से निकाला गया। इसके बाद पुलिस ने उसे रामपुर नैकिन थाना परिसर में खड़ा करा दिया। रामपुर नैकिन थाना प्रभारी सुधांशु तिवारी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने और घायल की पहचान करने की कोशिश कर रही है।
Source link
बोलेरो के ब्रेक फेल, खाई में गिरी:चालक गंभीर घायल, सिर में चोट से पहचान नहीं; रीवा अस्पताल भेजा
