![]()
भदोही जिले में सोमवार रात और मंगलवार सुबह हुई भारी बारिश के कारण दुर्गागंज तिराहे पर जलभराव हो गया। ज्ञानपुर-भदोही मार्ग पर पानी भरने से आवागमन बाधित हुआ, वहीं स्थानीय दुकानों में भी पानी घुस गया, जिससे व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ा। जिला प्रशासन ने बारिश के मद्देनजर कक्षा 1 से 12 तक के सभी विद्यालयों को बंद करने का निर्देश जारी किया है।ज्ञानपुर-भदोही मार्ग स्थित दुर्गागंज तिराहे पर जलभराव की स्थिति गंभीर रही। सड़क पर पानी जमा होने से यात्रियों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई घंटों तक पानी धीरे-धीरे निकलता रहा, जिससे यातायात प्रभावित रहा। स्थानीय दुकानदार राजा और झनझन मालवीय ने बताया कि यह समस्या दशकों पुरानी है। हल्की बारिश में भी ज्ञानपुर-भदोही मार्ग पर पानी भर जाता है और दुकानों में घुस जाता है, जिससे दुकानदारी प्रभावित होती है और सामान का भी नुकसान होता है। जिले में सोमवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए थे। दिनभर रुक-रुक कर बारिश होती रही, जबकि रात में तेज बारिश हुई। मंगलवार सुबह भी हल्की बारिश जारी रही। पिछले 24 घंटों में कुल 30 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई है, अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।यह बारिश किसानों के लिए वरदान साबित हो रही है। किसान शंभू नाथ मिश्रा और राजेश पांडे ने बताया कि धान की फसल के लिए यह काफी लाभदायक होगी। उन्होंने कहा कि इस बार किसानों ने देर से धान की रोपाई की थी, लेकिन रोपाई शुरू होने के बाद से लगातार हो रही बारिश धान की फसल के लिए अनुकूल है। बारिश की स्थिति को देखते हुए, जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए कक्षा 1 से 12 तक के सभी विद्यालयों को बंद रखने का निर्देश जारी किया है, ताकि छात्रों को किसी प्रकार की असुविधा या जोखिम का सामना न करना पड़े।
Source link
भदोही में बारिश से दुर्गागंज तिराहे पर जलभराव:दुकानों में घुसा पानी, आवागमन बाधित; स्कूल बंद करने का निर्देश
