भाजपा पंचायत अध्यक्ष हत्या मामले में प्राथमिकी दर्ज:एक नामजद आरोपी अरेस्ट, चाकू से गोदकर हुई थी हत्या; वीडियो वायरल करने के विवाद में वारदात




भोजपुर पुलिस ने बीजेपी पंचायत अध्यक्ष विक्रांत कुमार उर्फ विक्की की चाकू गोदकर हत्या मामले में कार्रवाई तेज कर दी है। मृतक के पिता वीरेंद्र सिंह के बयान पर सहार थाने में सात लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। एक नामजद आरोपी की गिरफ्तारी हुई है। पुलिस का कहना है कि प्राथमिकी में दर्ज आरोपों के आधार पर अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। घटना बड़की खड़ांव गांव की है। सहार थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी अनिल सिंह को मोआप कला गांव से गिरफ्तार किया गया है। पहले से हत्या समेत पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह पूर्व में जेल भी जा चुका है। पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जांच के आधार पर कार्रवाई प्राथमिकी के अनुसार मृतक के पिता वीरेंद्र सिंह ने बड़की खड़ांव निवासी आनंद सिंह, उनके भाई मंजी सिंह, अनिल सिंह, सुशील सिंह, मुखिया समरेश सिंह समेत सात लोगों को हत्या का आरोपी बनाया है। पुलिस दर्ज प्राथमिकी के आधार पर सभी बिंदुओं की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में पुलिस के सामने गैस सिलेंडर लेकर जाने के दौरान वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित करने और पहले से चला आ रहा भूमि विवाद हत्या की संभावित वजह के रूप में सामने आया है। हालांकि पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। सिर, सीने, पीठ पर चाकू से वार बता दें, बुधवार सुबह बड़की खड़ांव गांव में 32 वर्षीय विक्रांत कुमार उर्फ विक्की का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। मृतक के सिर, सीने, पीठ और शरीर के अन्य हिस्सों पर चाकू के कई गहरे घाव मिले थे। विक्रांत पेशे से गल्ला व्यवसायी होने के साथ-साथ भाजपा के पंचायत अध्यक्ष भी थे। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस लगातार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *