Headlines

भीलवाड़ा में कांग्रेस कार्यालय में डोटासरा के लिए सद्बुद्धि यज्ञ:पीसीसी सदस्य ने कहा- जिम्मेदारी निभाने में नाकाम हुए, मैदान छोड़ना कायरता




भीलवाड़ा जिला कांग्रेस कमेटी दफ्तर में महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने PCC सदस्य मनोज पालीवाल ने अपनी ही पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा की ‘सद्बुद्धि’ के लिए यज्ञ किया। पालीवाल ने आरोप लगाया कि डोटासरा प्रदेश अध्यक्ष के रूप में अपनी जिम्मेदारियों को संभालने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रहे हैं, इसलिए उन्हें तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए। पालीवाल ने कहा- कांग्रेस प्रदेश नेतृत्व ने भीलवाड़ा महापौर चुनाव के लिए सिंबल ही नहीं भेजा जो दुर्भाग्यपूर्ण है। मैदान में उतरने से पहले ही मैदान छोड़ना बहुत बड़ी कायरता है। इसका खामियाजा कांग्रेस को उठाना पड़ रहा है। डोटासरा और प्रभारी 17 कांग्रेस प्रत्याशियों को सिंबल तक नहीं दिला सके। जिसके कारण पार्टी को करारी हार का सामना करना पड़ा। शहर के कार्यकर्ताओं के साथ खिलवाड़ हो रहा है। कार्यकर्ताओं का मनोबल टूटा पालीवाल ने कहा कि अगर डोटासरा इसी तरह काम करते रहे, तो आगामी पंचायत राज चुनावों में भी पार्टी कार्यकर्ताओं का अहित होना तय है। इस लापरवाही से कांग्रेस के कर्मठ कार्यकर्ताओं का मनोबल टूटा है। इससे पहले भी प्रदेश नेतृत्व के लापरवाही के चलते 17 सिंबल की चूक हुई थी। जिसके चलते कांग्रेस के निष्ठावान प्रत्याशी चुनाव लड़ने से रह गए थे और कांग्रेस को निकाय चुनाव में इसका बड़ा खामियाजा उठाना पड़ा। भीलवाड़ा नगर निगम में भाजपा का निर्विरोध महापौर निर्वाचित होना प्रदेश नेतृत्व की लापरवाही को दर्शाता है। प्रदेश नेतृत्व को सद्बुद्धि मिले इसके लिए आज हमने यज्ञ किया है। आने वाले पंचायती राज चुनाव में कांग्रेस की दुर्दशा ना हो और कांग्रेस पदाधिकारी तन-मन-धन से काम सकें और उन्हें सद्बुद्धि मिले। मुझे गोली मार दें या ट्रक से कुचल दिया जाए पालीवाल ने कहा कि सच बोलने पर भले ही उन्हें पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया जाए, लेकिन वे कार्यकर्ताओं के हक की आवाज बुलंद करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि हो सकता है मुझे बाहर का रास्ता दिखा दिया जाए, हो सकता है गोली मार दे या फिर ट्रक से कुचल दें लेकिन मैं कार्यकर्ताओं की आवाज को बुलंद करता रहूंगा ।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *