![]()
झालावाड़ जिले की भैंसोदामंडी चौकी पुलिस ने बोरदा गांव के देवनारायण मंदिर में हुई चांदी चोरी का 18 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने चोरी हुआ 174 ग्राम चांदी का सामान बरामद किया है, जिसकी कीमत करीब 70 हजार रुपए बताई गई है। इस मामले में तीन नाबालिग को निरूद्ध किया है। वहीं मुख्य आरोपी निर्मल उर्फ भोला पाटीदार (पिता पप्पूलाल पाटीदार) अभी फरार है। 10 अगस्त को सुबह गायब मिली चांदी पुलिस ने बताया- बोरदा निवासी फरियादी फुलचंद गुर्जर ने 11 अगस्त को भैंसोदामंडी चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वे गांव के देवनारायण मंदिर में पूजा करते हैं। 9 अगस्त की रात करीब 9 बजे मंदिर के पट बंद कर वे घर चले गए थे। अगले दिन सुबह करीब 8 बजे कारूलाल गुर्जर ने उन्हें फोन कर बताया कि मंदिर में रखी लोहे की पेटी से भगवान देवनारायण का चांदी का छत्र, आरती, गाय, तिलक और चांदी की चेन गायब है। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। 18 घंटे में मामले का किया खुलासा चोरी की वारदात को गंभीरता से लेते हुए चौकी प्रभारी धर्मेश यादव के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। पुलिस ने मुखबिरों से मिली सूचना, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने महज 18 घंटे में तीनों विधि विरुद्ध बालकों को हिरासत में ले लिया। उनकी निशानदेही पर चोरी गया पूरा माल बरामद कर लिया गया, जिसमें चांदी का छत्र, आरती, गाय, तिलक और चेन शामिल हैं। बरामद चांदी का कुल वजन 174 ग्राम है, जिसकी अनुमानित कीमत 70 हजार रुपए है। नाबालिग बच्चों से चोरी करता है मुख्य आरोपी चौकी प्रभारी धर्मेश यादव ने बताया- पुलिस की जांच में सामने आया कि फरार मुख्य आरोपी निर्मल उर्फ भोला पाटीदार नाबालिगों से चोरी करवाता था। चोरी के बाद मिले सामान या राशि को वे आपस में बांट लेते थे।पुलिस फरार मुख्य आरोपी निर्मल उर्फ भोला पाटीदार की तलाश में जुटी है और मामले में आगे की जांच जारी है।
Source link
भैंसोदामंडी में मंदिर से चोरी का 18 घंटे में खुलासा:70 हजार रुपए की चांदी बरामद, नाबालिगों से चोरी कराता था मुख्य आरोपी
