![]()
भारतीय युवा कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर मंडी से ‘मेरी डिग्री का क्या?’ नामक राष्ट्रीय अभियान का आगाज किया है। अभियान की शुरुआत करते हुए युवा कांग्रेस नेताओं ने एक प्रेस वार्ता में केंद्र सरकार की नीतियों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश का युवा उच्च शिक्षा और पेशेवर डिग्रियां हासिल करने के बावजूद रोजगार के अभाव में दर-दर भटकने को मजबूर है। देश में 50 लाख से अधिक पद खाली युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौतम ने कहा कि यह विरोध प्रदर्शन केवल मंडी तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे पूरे हिमाचल प्रदेश और देश के हर कोने में ले जाया जाएगा। उन्होंने आंकड़े पेश करते हुए दावा किया कि वर्तमान में देश में 50 लाख 5 हजार 850 सरकारी पद खाली पड़े हैं। युवा कांग्रेस ने मांग की है कि इन रिक्तियों को भरने के लिए सरकार तुरंत एक पारदर्शी और समयबद्ध ‘भर्ती कैलेंडर’ जारी करे।
ऑनलाइन याचिका और ‘मेरी डिग्री का क्या?’ स्टिकर से करेंगे जागरूक हिमाचल युवा कांग्रेस के सहप्रभारी ज्योतिष शर्मा और प्रवक्ता गौतम ने बताया कि इस अभियान के तहत बेरोजगार युवाओं को ‘मेरी डिग्री का क्या?’ स्लोगन वाले विशेष स्टिकर बांटे जाएंगे। इसके साथ ही, केंद्र सरकार तक युवाओं की बात पहुंचाने के लिए एक देशव्यापी ऑनलाइन हस्ताक्षर अभियान/याचिका भी चलाई जाएगी। उन्होंने कहा कि माता-पिता पाई-पाई जोड़कर बच्चों को पढ़ाते हैं, लेकिन रोजगार के नाम पर उन्हें सिर्फ इंतजार मिलता है। 1 साल की मोहलत, मांगें न मानने पर PM आवास के घेराव की चेतावनी युवा कांग्रेस ने केंद्र सरकार को 1 साल की कड़ी चेतावनी जारी की है। प्रवक्ता गौतम ने साफ किया कि यदि खाली पड़े सरकारी पदों को भरने के लिए एक वर्ष के भीतर ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो देश भर के युवा एकत्रित होकर अगले साल प्रधानमंत्री आवास का घेराव करेंगे। मंडी में आयोजित इस कार्यक्रम व प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान तरुण ठाकुर और निखिल शर्मा सहित युवा कांग्रेस के कई प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकर्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे।
Source link
मंडी से युवा कांग्रेस का 'मेरी डिग्री का क्या?' अभियान:PM मोदी के जन्मदिन पर हल्लाबोल-बेरोजगारी पर केंद्र से सीधा सवाल
