![]()
मंदसौर में बुधवार को दिनभर तेज धूप और उमस से लोग परेशान रहे, लेकिन शाम होते ही मौसम ने करवट ली और जिलेभर में झमाझम बारिश शुरू हो गई। तेज बारिश से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली। बारिश के बाद तापमान में गिरावट आई और मौसम सुहावना हो गया। मानसून की सक्रियता से किसानों ने भी खरीफ फसलों की बुवाई की तैयारियां तेज कर दी हैं। सुबह से तेज धूप और उमस बनी रही। शाम को अचानक घने बादल छा गए और तेज बारिश शुरू हो गई। कुछ ही देर में शहर की सड़कों पर पानी भर गया। लोगों ने बारिश का आनंद लिया, जबकि बच्चों ने भी भीगकर मौसम का लुत्फ उठाया। जिलेभर में कई जगह हुई तेज बारिश जिला मुख्यालय के अलावा मल्हारगढ़, सीतामऊ, सुवासरा, शामगढ़, पिपलिया मंडी, नाहरगढ़, दलौदा, अफजलपुर, नारायणगढ़, संजीत, सुंठोद और बरखेड़ा सहित कई क्षेत्रों में रुक-रुककर बारिश हुई। कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ हुई बारिश से वातावरण में ठंडक घुल गई। मौसम विभाग के अनुसार 9 से 11 जुलाई के बीच जिले में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। वहीं 12 से 14 जुलाई के दौरान बादलों और धूप के बीच मौसम बना रहेगा तथा कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। जिले में इस मानसून सीजन में अब तक 7.43 इंच बारिश दर्ज की गई है। यह पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में करीब एक इंच कम है। गरज-चमक और तेज हवा का येलो अलर्ट मौसम विभाग ने जिले के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार गरज-चमक, आकाशीय बिजली गिरने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। लोगों को खराब मौसम में खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है। बारिश से खेतों में नमी बढ़ने के बाद किसानों ने खरीफ फसलों की बुवाई तेज कर दी है। जिन क्षेत्रों में पर्याप्त नमी बन चुकी है, वहां बुवाई भी शुरू हो गई है। कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि यदि आगामी दिनों में नियमित बारिश होती रही तो इस वर्ष खरीफ उत्पादन बेहतर रहने की संभावना है।
Source link
मंदसौर में बदला मौसम, झमाझम बारिश हुई:अब तक 7.43 इंच बारिश दर्ज; 9 से 11 जुलाई तक मध्यम बारिश और गरज-चमक का अलर्ट
