![]()
मधेपुरा में अगले 4 दिनों तक मौसम में बदलाव जारी रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 33 से 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। इस दौरान 5 से 15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से अधिकांश समय पूर्व दिशा से हवा चलने की संभावना है। हालांकि बुधवार को सुबह में तेज धूप निकली थी, लेकिन 10 बजे के बाद आसमान में बादल छाने लगे। आसमान में बादल छाए रहने के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है। कुछ स्थानों पर गरज और बिजली चमकने के साथ बारिश हो सकती है। इसे देखते हुए किसानों को मौसम साफ रहने पर ही फसलों में कीटनाशक और अन्य दवाओं का छिड़काव करने की सलाह दी गई है। तैयार फसलों की कटाई कर उन्हें सुरक्षित और उचित स्थान पर रखने को कहा गया है। पशुओं को पेड़ के नीचे नहीं बांधने की सलाह
बदलते मौसम को देखते हुए पशुपालकों को भी सावधानी बरतने की जरूरत है। किसानों को पशुओं को पेड़ के नीचे नहीं बांधने की सलाह दी गई है। तेज हवा और आंधी के दौरान पेड़ों की टहनियां गिरने से पशुओं को नुकसान हो सकता है। बारिश से बचाव के लिए पशुशाला में पर्याप्त व्यवस्था करने और उसे साफ-सुथरा रखने को कहा गया है। पशुओं को दिन में 3-4 बार पर्याप्त मात्रा में ताजा और स्वच्छ पानी पिलाने की सलाह दी गई है। साथ ही हरा और सूखा चारा तथा पर्याप्त मात्रा में दाना देने को कहा गया है। मौसम चेतावनी को देखते हुए किसानों और आम लोगों को खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गई है। असुरक्षित स्थानों से दूर रहने की अपील
गरज-चमक और बिजली गिरने की स्थिति में खुले मैदान, पेड़ और अन्य असुरक्षित स्थानों से दूर रहने की अपील की गई है। कृषि मौसम वैज्ञानिक देवन कुमार चौधरी ने किसानों से मौसम में होने वाले बदलाव पर लगातार नजर रखने और मौसम पूर्वानुमान के अनुसार ही कृषि कार्य करने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि सावधानी बरतकर बारिश और तेज हवा से फसलों एवं पशुधन को होने वाले नुकसान को कम किया जा सकता है।
Source link
मधेपुरा में अगले 4 दिन बदला रहेगा मौसम:33-34 डिग्री तक तापमान, बादल-बारिश के साथ गरज-बिजली की संभावना, मौसम देखकर खेती की सलाह
