![]()
महेंद्रगढ़ जिला पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ अभियान चलाते हुए नारनौल में एक बड़ी कार्रवाई की है। सीआईए महेंद्रगढ़ पुलिस टीम ने 376 पेटी अवैध शराब से भरा एक कैंटर वाहन पकड़ा है। पुलिस ने कैंटर ड्राइवर समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर नारनौल सदर थाने में मामला दर्ज किया है। डीएसपी मुख्यालय भारत भूषण ने बताया कि सीआईए की टीम जाट गुवाना टोल पर गश्त कर रही थी। तभी उन्हें सूचना मिली कि संतोष (निवासी ताल, देवगढ़, राजस्थान) और स्वर्ण (निवासी गाजुना, राजस्थान) एक कैंटर में भारी मात्रा में अवैध शराब भरकर 152-डी हाईवे से गुजरात ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत नाकाबंदी कर संदिग्ध कैंटर को रोका और उसकी जांच की। कैंटर में डिब्बों के पीछे छिपाई थी पेटियां पुलिस ने कैंटर ड्राइवर और उसके साथ बैठे व्यक्ति को पकड़ा। पूछताछ में उन्होंने अपनी पहचान संतोष (ताल, देवगढ़, राजस्थान) और स्वर्ण (गाजुना, राजस्थान) के रूप में बताई। कैंटर की तलाशी लेने पर आगे हीरो साइकिल के डिब्बे रखे मिले। इन डिब्बों को हटाने के बाद पीछे छिपाकर रखी गई शराब की पेटियां बरामद हुईं। अवैध शराब तस्करी में कैंटर भी जब्त पुलिस ने मौके से कुल 376 पेटी अवैध शराब और तस्करी में इस्तेमाल किया कैंटर वाहन जब्त किया। आरोपियों से शराब का वैध लाइसेंस या परमिट मांगा गया, लेकिन वे कोई दस्तावेज नहीं दिखा पाए। इसके बाद दोनों आरोपियों को आबकारी अधिनियम के तहत नारनौल सदर थाने में दर्ज मामले में गिरफ्तार कर लिया गया। उन्हें आगे की कार्रवाई के लिए कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस की आमजन से अपील महेंद्रगढ़ जिला पुलिस का अवैध शराब, नशीले पदार्थों और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस का मकसद अवैध तस्करी पर रोक लगाना और ऐसे अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करना है। पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि अगर उन्हें अवैध शराब या नशीले पदार्थों की खरीद-फरोख्त से जुड़ी कोई जानकारी मिलती है, तो वे पुलिस को सूचित करें। उसके संबंध में तुरंत नजदीकी पुलिस थाने अथवा डायल 112 पर सूचना दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
Source link
महेंद्रगढ़ पुलिस ने 376 पेटी शराब से भरा कैंटर पकड़ा:ड्राइवर समेत दो आरोपी गिरफ्तार; गुजरात ले जा रहे थे
