Headlines

मानसा के सरदूलगढ़ स्टेडियम में घटिया निर्माण के आरोप:उद्घाटन से पहले ही ग्रामीणों ने विधायक से की शिकायत, जांच का भरोसा




मानसा के सरदूलगढ़ क्षेत्र के गांव जवाहरके में 31 लाख 40 हजार रुपये की लागत से बने नवनिर्मित खेल स्टेडियम के उद्घाटन से पहले ही बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। ग्रामीणों और स्थानीय खिलाड़ियों ने स्टेडियम निर्माण में घटिया सामग्री के उपयोग और बड़े पैमाने पर वित्तीय धांधली के गंभीर आरोप लगाए हैं। विवाद को देखते हुए विधायक गुरप्रीत सिंह बनावाली ने मौके पर पहुंचकर 15 दिनों के भीतर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने का आश्वासन दिया है। उद्घाटन करने पहुंचे विधायक को ग्रामीणों ने दिखाईं तस्वीरें जानकारी के अनुसार, विधायक बनावाली जब स्टेडियम का औपचारिक उद्घाटन करने पहुंचे, तो ग्रामीण सुखदीप सिंह, गुरप्रीत सिंह, जगराज सिंह और कई खिलाड़ियों ने उन्हें निर्माण कार्य में हुई कमियों और घटिया सामग्री की तस्वीरें दिखाईं। ग्रामीणों ने ठेकेदार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि स्टेडियम में बनाए गए बाथरूम, लगाई गई लाइटें और फर्श का काम बेहद निम्न स्तर का है। आलम यह है कि उद्घाटन से पहले ही फर्श टूटने लगा है और बाथरूम की टोंटियां उखड़ चुकी हैं। SDO को फटकार, भुगतान रोकने के निर्देश ग्रामीणों की शिकायत को सही पाते हुए विधायक गुरप्रीत सिंह बनावाली ने मौके पर मौजूद संबंधित विभाग के एसडीओ (SDO) को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने ठेकेदार का भुगतान तुरंत प्रभाव से रोकने और 15 दिनों के भीतर पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट सौंपने के सख्त निर्देश दिए। विधायक ने स्पष्ट किया कि घटिया निर्माण के लिए जिम्मेदार पाए जाने वाले अधिकारियों और ठेकेदार के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। कांग्रेस नेता मोफर ने भी उठाए सवाल दूसरी ओर, सरदूलगढ़ से कांग्रेस के हलका इंचार्ज बिक्रम सिंह मोफर ने भी इस मुद्दे पर आम आदमी पार्टी की सरकार और प्रशासनिक अधिकारियों को घेरा। उन्होंने स्टेडियम निर्माण में हुई धांधली की उच्चस्तरीय जांच की मांग करते हुए सवाल उठाया कि आखिर 31 लाख रुपये से अधिक की राशि किसकी जेब में गई है। उन्होंने मांग की है कि इस घोटाले में शामिल ठेकेदार, पंचायत सचिव और संबंधित विभाग के अधिकारियों पर तुरंत आपराधिक मामला दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *