![]()
मानसा की जिला जेल में उम्रकैद की सजा काट रहे चर्चित पास्टर बजिंदर सिंह की गुरुवार को अचानक तबीयत बिगड़ गई। सीने में तेज दर्द की शिकायत के बाद जेल प्रशासन द्वारा उन्हें सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच मानसा के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने उनकी जांच की। मानसा के एसएमओ (SMO) ने बताया कि उन्हें जेल सुपरिंटेंडेंट का फोन प्राप्त हुआ था, जिसमें पास्टर बजिंदर को सीने में दर्द होने की जानकारी दी गई थी। सूचना मिलते ही उन्हें तुरंत एम्बुलेंस के जरिए इलाज और जरूरी मेडिकल जांचों के लिए सिविल अस्पताल लाया गया। डॉक्टरों ने की जांच, रिपोर्ट में गंभीर समस्या नहीं अस्पताल प्रशासन और डॉक्टरों की टीम ने पास्टर बजिंदर के स्वास्थ्य की गहनता से जांच की और आवश्यक मेडिकल टेस्ट किए। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, शुरुआती जांच रिपोर्ट में फिलहाल दिल (हार्ट) से जुड़ी किसी गंभीर समस्या की पुष्टि नहीं हुई है। डॉक्टरों की निगरानी में उनका आगे का इलाज किया जा रहा है। रेप केस में काट रहे हैं उम्रकैद की सजा उल्लेखनीय है कि मोहाली की अदालत ने 28 मार्च 2025 को पास्टर बजिंदर सिंह को साल 2018 के एक बलात्कार (रेप) मामले में दोषी ठहराया था, जिसके बाद 1 अप्रैल 2025 को उन्हें उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। वह तभी से मानसा जिला जेल में बंद हैं। इसके अलावा भी उनके खिलाफ कई अन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं। हाल ही में मानसा जेल के भीतर पास्टर बजिंदर को अवैध रूप से मोबाइल फोन उपलब्ध कराने के मामले में भी विवाद खड़ा हुआ था, जिसके बाद जिम्मेदार पुलिसकर्मियों पर गाज गिरी थी और प्रशासनिक कार्रवाई की गई थी।
Source link
मानसा में रेप के दोषी पास्टर बजिंदर सिंह पहुंचे अस्पताल:सीने में दर्द होने पर भर्ती, SMO बोले- गंभीर समस्या नहीं, जेल में काट रहे उम्रकैद
