![]()
गुरुग्राम जिले में नगर निगम मानेसर ने प्रॉपर्टी टैक्स बकायेदारों के खिलाफ अपना अभियान जारी रखते हुए मंगलवार को दो व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को सील कर दिया। नगर निगम की टैक्स विंग ने आईएमटी सेक्टर-2 स्थित रहेजा टावर-ए और उसी परिसर में संचालित जिंजर होटल पर यह कार्रवाई की। इन दोनों प्रतिष्ठानों पर नगर निगम का कुल 1 करोड़ 11 लाख रुपए का टैक्स बकाया है। निगम की टीम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए दोनों प्रतिष्ठानों को सील किया और संबंधित प्रबंधन को बकाया टैक्स तुरंत जमा करने के निर्देश दिए। टैक्स असिस्टेंट उदय सिंह ने बताया कि संपत्ति मालिकों को पहले भी कई बार नोटिस जारी किए गए थे। समय पर टैक्स जमा न होने के कारण यह सीलिंग की कार्रवाई की गई। प्रॉपर्टी टैक्स बकायादारों के खिलाफ जारी रहेगा अभियान : संयुक्त आयुक्त नगर निगम के संयुक्त आयुक्त लोकेश यादव ने जानकारी दी कि निगम क्षेत्र में बड़े प्रॉपर्टी टैक्स बकायेदारों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन व्यावसायिक और आवासीय संपत्तियों पर लंबे समय से टैक्स बकाया है, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। निगम का मुख्य उद्देश्य सभी संपत्ति धारकों से समय पर टैक्स वसूली सुनिश्चित करना है, ताकि शहर के विकास कार्यों को गति मिल सके। लोकेश यादव ने निगम क्षेत्र के सभी प्रॉपर्टी धारकों से समय पर प्रॉपर्टी टैक्स जमा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नगर निगम पारदर्शी और जवाबदेह व्यवस्था के साथ कार्य कर रहा है। सभी संपत्ति धारक समय पर टैक्स जमा कर दंडात्मक कार्रवाई से बचें। नियमों की अनदेखी करने वाले बकायेदारों के खिलाफ सीलिंग और अन्य कानूनी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
Source link
मानेसर में रहेजा टावर-ए और जिंजर होटल सील:1.11 करोड़ का प्रॉपर्टी टैक्स बकाया, नगर निगम की टीम ने की कार्रवाई
