Headlines

मिहोना में मौसी-भांजे को कट्टे की नोक पर लूटा:चार नकाबपोश बदमाशों ने पीछा कर घेरा, जेवर-नकदी और मोबाइल लूटकर भागे




भिंड में लगातार दूसरे दिन लूट की वारदात ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस बार मिहोना थाना क्षेत्र के सुंदरपुरा खुर्द के पास एमपी-यूपी बॉर्डर पर चार नकाबपोश बदमाशों ने कट्टे की नोक पर विवाहिता और उसके भांजे को लूट लिया। बदमाश महिला से लाखों रुपए के जेवर, नकदी और मोबाइल छीनकर यूपी सीमा की ओर फरार हो गए। वारदात के दौरान विरोध करने पर बदमाशों ने बाइक पर बैठी बच्ची के सिर पर कट्टे के बट से हमला भी कर दिया। जानकारी के अनुसार बंगरा निवासी 28 वर्षीय मंजू राठौर को उनका भांजा आकाश राठौर निवासी बड़ोखरी बाइक से घर छोड़ने जा रहा था। बाइक पर मंजू के साथ दो छोटे बच्चे भी सवार थे। शाम करीब पांच बजे सुंदरपुरा खुर्द के पास पीछे से दो बाइकों पर सवार चार नकाबपोश बदमाश आए और बाइक के सामने वाहन अड़ाकर कट्टा तान दिया। आकाश ने सूझबूझ दिखाते हुए बाइक निकालने की कोशिश की, लेकिन बदमाशों ने पीछा कर उन्हें घेर लिया। इसी दौरान एक बदमाश ने बच्ची के सिर पर कट्टे के बट से वार कर दिया। इसके बाद चारों बदमाशों ने मंजू के गले से मंगलसूत्र, ब्रजबाला, अंगूठी, पांच हजार रुपए नकद और मोबाइल लूट लिया। वहीं आकाश की अंगूठी और मोबाइल भी छीन लिया। वारदात के बाद बदमाश यूपी सीमा के अंतियनपुरा की ओर भाग निकले। भागते समय उन्होंने आकाश का मोबाइल करीब 500 मीटर दूर झाड़ियों में फेंक दिया, जिसे बाद में बरामद कर लिया गया। सूचना मिलते ही मिहोना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। 24 घंटे में दूसरी लूट, तीन महीने में दूसरी बड़ी वारदात गौरतलब है कि जिले में लुटेरों के हौसले लगातार बुलंद हैं। एक दिन पहले ही गोहद के सदर बाजार में बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने एक महिला के गले से मंगलसूत्र लूट लिया था। उस वारदात के महज 24 घंटे के भीतर मिहोना थाना क्षेत्र में कट्टे की नोक पर दूसरी बड़ी लूट को अंजाम दे दिया गया। वहीं मिहोना क्षेत्र में पिछले तीन महीनों के दौरान महिलाओं को निशाना बनाकर लूट की यह दूसरी बड़ी घटना है। लगातार हो रही वारदातों से लोगों में दहशत है और पुलिस की गश्त पर सवाल उठने लगे हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *