Headlines

मेगा प्लान तैयार:भाजपा एक महीने तक मनाएगी मोदी का जन्मदिन, ‘सेवा संकल्प’ से जुड़ेगा हर गांव




प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकार प्रमुख के रूप में 25 साल पूरे होने के मौके पर भाजपा इस बार उनके जन्मदिन से देशभर में एक महीने का ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगी। 17 सितंबर से शुरू होकर 18 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान के जरिए पार्टी समाज के हर गांव, हर वर्ग तक पहुंच बनाने की तैयारी में है। अभियान में 25 प्रमुख सेवा गतिविधियां होंगी। इनमें वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, रक्तदान शिविर सहित अलग-अलग सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम शामिल किए जाएंगे। इस कार्यक्रम का राष्ट्रीय सदस्य ओपी चौधरी को बनाया गया है। प्रदेश में इस कार्यक्रम के संयोजक महामंत्री यशवंत जैन और सदस्य अमित साहू, जी वेकंट, हर्षिता पांडेय, विभा अवस्थी, अंबिकेश केशरी को बनाया गया है। हर संभाग की जिम्मेदारी बांट दी गई है। ये हर जिले में होने वाले कार्यक्रम में सरकारी अफसरों को भी जोड़ेंगे। हाल ही में इसको लेकर दिल्ली में एक बड़ी बैठक भी आयोजित हुई। जिसमें सभी प्रदेशों के संयोजक और सदस्य शामिल हुए। उन्हें बताया गया कि किस तरह अभियान को चलाया जाना है। भाजपा हर साल 17 सितंबर को प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर सेवा पखवाड़ा आयोजित करती है। इस बार मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के मौके पर इसका विस्तार करते हुए एक महीने का अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है। मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। इस साल 7 अक्टूबर को उनके सरकार प्रमुख जैसे मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री बनने के 25 साल पूरे होंगे। युवाओं से 25 मिनट सेवा का आह्वान कार्यक्रम के सदस्य अमित साहू ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर रहेगा। पार्टी युवाओं को कम से कम 25 मिनट सेवा गतिविधियों में योगदान देने के लिए प्रेरित करेगी। युवा, महिला, किसान और अन्य सामाजिक वर्गों को अलग-अलग कार्यक्रमों से जोड़ा जाएगा। देशभर में एक साथ ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकालने की भी तैयारी है। इस संबंध में जल्द ही सूचना जारी होगी। इसी तरह अभियान का एक अहम हिस्सा ‘सेवा सेतु’ होगा। इसके तहत उन लोगों की मदद की जाएगी, जो दस्तावेजों की कमी या किसी अन्य वजह से सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं ले पा रहे हैं। आयुष्मान योजना में नाम छूटने, पीएम किसान सम्मान निधि में समस्या या अन्य योजनाओं से जुड़ी अड़चनों का समाधान कराने का प्रयास होगा। 29 अगस्त को प्रदेश कार्यशाला: अभियान को लेकर संगठन ने तैयारी शुरू कर दी है। 22 अगस्त को दिल्ली में हुई बैठक में इसकी रूपरेखा तय की गई। अब 29 अगस्त को प्रदेश स्तर पर कार्यशाला होगी। इसके बाद जिलों में भी कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। इनमें अभियान की गतिविधियों, जिम्मेदारियों और कार्यक्रमों की रूपरेखा तय होगी। बताते हैं कि भाजपा की योजना सेवा गतिविधियों को केवल संगठनात्मक कार्यक्रम तक सीमित रखने के बजाय उन्हें समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंच का माध्यम बनाने की है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सम्मान सहित कई कार्यक्रम भी अभियान में शामिल किए जाएंगे। ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं और सेवा गतिविधियों के जरिए युवाओं की भागीदारी बढ़ाने की तैयारी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *