![]()
मेरठ के हापुड़ रोड स्थित तिरंगा गेट के पास रविवार रात को कांवड़ यात्रा के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। कहासुनी के बाद मामला इतना बढ़ गया कि एक युवक की पिटाई कर दी गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और एक युवक को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। यह घटना तब हुई जब बुलंदशहर के खुर्जा क्षेत्र से आए कुछ कांवड़िये गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर जा रहे थे। रास्ते में उनकी कुछ अन्य युवकों से कहासुनी हो गई। आरोप है कि दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज हुई और विवाद बढ़ने पर मारपीट की नौबत आ गई। इस दौरान गंगाजल के कलश को नुकसान पहुंचाने की भी कोशिश किए जाने का आरोप है। प्रारंभिक विवाद के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया था और कुछ युवक वहां से चले गए थे। हालांकि, थोड़ी देर बाद एक युवक दोबारा घटनास्थल पर पहुंचा, जिसके बाद नाराज कांवड़ियों ने उसे पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। पास में तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए युवक को भीड़ से बचाया। उसे हिरासत में लेकर लोहियानगर थाने भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया, जिसके बाद कांवड़िये अपनी यात्रा पर आगे रवाना हो गए। मामले की जांच की जा रही है।
Source link
मेरठ में कांवड़ यात्रा के दौरान विवाद, युवक की पिटाई:पुलिस ने संभाला मोर्चा, एक आरोपी हिरासत में
