![]()
मोगा जिला पुलिस ने मैहना गांव में एक घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये की नकदी और चांदी के जेवरात उड़ाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए वारदात में शामिल दो आरोपियों में से एक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके दूसरे साथी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। यह सनसनीखेज चोरी 18 अगस्त को दिनदहाड़े बलजिंदर सिंह नामक व्यक्ति के घर पर हुई थी। शिकायतकर्ता बलजिंदर सिंह ने थाना मैहना पुलिस को दिए अपने बयान में बताया कि 18 अगस्त को अज्ञात चोर मोटरसाइकिल पर सवार होकर उनके घर के बाहर पहुंचे थे। सूने घर का फायदा उठाकर चोर चालाकी से घर की ऊंची दीवार फांदकर अंदर दाखिल हो गए। चोरों ने घर के कमरों के ताले तोड़े और अंदर अलमारी में रखी 1 लाख 35 हजार रुपये की नकदी और करीब 35 तोले चांदी के कीमती जेवरात समेटकर रफूचक्कर हो गए। सीसीटीवी फुटेज ने खोला चोरी का राज, आरोपियों की हुई पहचान घर में चोरी का पता चलने के बाद बलजिंदर सिंह ने अपने स्तर पर पड़ताल शुरू की और इलाके में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में दोनों चोर मोटरसाइकिल समेत कैद हो गए। फुटेज और स्थानीय इनपुट्स के आधार पर चोरों की पहचान पुख्ता हुई। जांच में सामने आया कि इस वारदात को किक्की निवासी धर्मकोट और दाना निवासी मोगा ने मिलकर अंजाम दिया था। एक आरोपी किक्की गिरफ्तार, दाना की तलाश में छापेमारी जारी मामले के जांच अधिकारी और सहायक थानेदार बलविंदर सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार से सूचना और सीसीटीवी साक्ष्य मिलने के तुरंत बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ के लिए जाल बिछाया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी किक्की (निवासी धर्मकोट) को दबोच लिया है। वहीं, उसके फरार साथी दाना (निवासी मोगा) को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें अलग-अलग ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। रिमांड के दौरान अन्य चोरियों के सुराग मिलने की उम्मीद सहायक थानेदार बलविंदर सिंह ने बताया कि दोनों कथित आरोपियों के खिलाफ थाना मैहना में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी किक्की को माननीय अदालत में पेश कर उसका पुलिस रिमांड हासिल करने का प्रयास करेगी। रिमांड के दौरान आरोपी से कड़ाई से पूछताछ की जाएगी ताकि बलजिंदर सिंह के घर से चोरी किया गया सारा सामान (कैश और चांदी) बरामद किया जा सके। पुलिस को उम्मीद है कि इस आरोपी से पूछताछ के बाद इलाके में हुई कई अन्य चोरियों के मामलों का भी सुराग लग सकता है।
Source link
मोगा में घर से लाखों का सामान चोरी:दीवार फांदकर घर में घुसे थे मोटरसाइकिल सवार चोर, एक को पुलिस को पकड़ा, दूसरा फरार
