![]()
मुजफ्फरपुर के एसकेएमसीएच में मोतिहारी के केसरिया के रहने वाले दंपती और उनके तीन बच्चों को एडमिट कराया गया है। आरोप है कि दंपती और उनके तीन बच्चों पर तेजाब से हमला किया गया है। घटना के बाद पीड़ित परिवार थाना पहुंचा, इसके बाद उन्हें मोतिहारी के ही अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें एसकेएमसीएच रेफर कर दिया गया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि साल 2022 में उन्होंने मोतिहारी के ही अरविंद प्रकाश नाम के शख्स से 15 लाख रुपए उधार लिया था। हर महीने ब्जाज भी दे रहे थे। एक साल बाद 10 लाख रुपए वापस भी कर दिया, लेकिन आरोपी इस बात से इनकार कर रहा है कि 10 लाख रुपए वापस मिले हैं। पीड़ित परिवार का कहना है कि अब आरोपी 23 लाख रुपए का ब्याज ले रहा है। रविवार की शाम करीब 5 बजे आरोपी ने घर में घुसकर परिवार के सभी सदस्यों पर तेजाब फेंक दिया। घटना से जुड़ी 3 तस्वीरें देखिए अब जानिए, सिलसिलेवार तरीके से जानिए पूरा मामला केसरिया बाजार के वार्ड नंबर-9 के रहने वाले अमित कुमार ने बताया कि मैं गोल्ड का कारोबारी हूं। उन्होंने बताया कि कि साल 2022 में 15 लाख के चेक से मैंने अरविंद प्रकाश नाम के शख्स से ब्याज पर पैसे लिए थे। मैं हर महीने उसे ब्याज की रकम देता था। 2023 में मैंने 10 लाख रुपए एचडीएफसी ब्रांच से आरटीजीएस करके उन्हें रिटर्न किया था। इसके बाद उन्होंने कहा कि मुझे पैसे नहीं मिले हैं। अब ब्याज की रकम को 23 लाख रुपए बना दिया है और मुझसे 23 लाख रुपए का ब्याज ले रहे हैं। पीड़ित ने कहा कि अब आरोपी मुझसे बोल रहे हैं कि अपनी जमीन को मेरे नाम से रजिस्ट्री करो। चूंकि मेरे पिताजी जीवित हैं, तो मैं अपनी जमीन उनके नाम कैसे रजिस्ट्री कर सकता हूं। ऐसा करूंगा तो मैं खुद 420 के केस में फंस जाऊंगा। लेकिन आरोपी मुझ पर दबाव बना रहे हैं कि जमीन की रजिस्ट्री करो। पीड़ित ने कहा कि मैंने उन्हें बताया और बैंक का स्टेटमेंट भी दिखाया, फिर भी वे नहीं मान रहे हैं, उनका कहना है कि पैसा मेरे अकाउंट में नहीं आया है। जमीन के 44 लाख रुपए आए, तो आरोपी मेरे घर पहुंचा पीड़ित अमित ने कहा कि एक जमीन बिकी थी। उस जमीन को बेचने के बाद मेरे पास 44 लाख रुपए आए। इसकी जानकारी के बाद आरोपी मेरे घर आया और घर के अंदर आकर मेरी पिटाई करने लगे। पत्नी के साथ भी मारपीट की। इसके बाद घर में रखे तेजाब के बोतल को उठाकर मेरे पूरे परिवार पर फेंक दिया। पीड़ित ने बताया कि घटना में मेरा ढाई साल का बेटा घटना में गंभीर रूप से घायल हुआ है, उसे आईसीयू में एडमिट कराया गया है। इसके अलावा, मेरे 5 साल और 7 साल के बेटे भी तेजाब हमले में झुलसे हैं। उन्होंने बताया कि घटना कल शाम करीब 5 बजे की है। घटना के बाद मैं पुलिस के पास गया था। इसके बाद पुलिस ने कहा कि पहले आप लोग अस्पताल जाकर इलाज कराइए। इसके बाद मोतिहारी में ही एक अस्पताल गए, जहां से हम लोगों को मुजफ्फरपुर के एसकेएमसीएच रेफर कर दिया गया। अमित की पत्नी बोली- आरोपी बार-बार कॉल कर धमकी देता था अमित की पत्नी पिंकी देवी ने बताया कि आरोपी कल शाम अचानक हमारे घर आए और मेरे पति से मारपीट करने लगे। इसके बाद मैं अपने पति को छुड़ाने पहुंची। इसके बाद मुझे आरोपियों ने धक्का देकर गिरा दिया। इसके बाद घर में रखे एसिड के बॉटल को खोलकर परिवार के सभी सदस्यों पर डाल दिया। पिंकी देवी ने बताया कि अरविंद प्रकाश से पैसे के लेनदेन का मामला था। मैंने उनसे कहा था कि हर महीने मैं आपको ब्याज के पैसे दूंगी। हम लोगों को पैसे देने में कोई दिक्कत नहीं है, आप मुझे कुछ दिन का टाइम दीजिए, मैं पूरा पैसा लौटा दूंगी। उन्होंने बताया कि शुरुआत में राजी हो गया, लेकिन कुछ दिन के बाद दोबारा फोन कर धमकी देने लगा, कहा कि तुम्हें पति की पिटाई करके उसके हाथ पैर तोड़ दूंगा। पुलिस कर रही मामले की जांच घटना के बाद स्थानीय स्तर पर इलाज कराया प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने एसकेएमसीएच रेफर कर दिया। पीड़ित परिवार के बयान के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस कर्ज के लेन-देन, और तेजाब हमले की जांच कर रही है।
Source link
मोतिहारी- कर्ज के ब्याज को लेकर परिवार पर तेजाब फेंका:तीन बच्चों समेत दंपती SKMCH में एडमिट, पीड़ित बोला- 15 की जगह 23 लाख का ब्याज ले रहे
