Headlines

मोबाइल के लिए नाबालिग की हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार:बहलाकर जंगल ले गए, विरोध पर गला घोंटा; 38 दिन बाद कंकाल मिला




लातेहार जिले के मनिका थाना क्षेत्र से 15 अगस्त से लापता 16 साल के छोटू कुमार का कंकाल 38 दिन बाद बंशी नाला जंगल (कुमंडीह जंगल) से मिला है। पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुए एक नाबालिग समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में सिंजो निवासी प्रेमचंद भुइयां (19) और बेलवाटांड़ निवासी शिवम भुइयां उर्फ शिवम कुमार उर्फ श्याम (20) शामिल हैं। इन दोनों को जेल भेज दिया गया है, जबकि नाबालिग आरोपी को बाल सुधार गृह भेजा गया है। यह जानकारी डीएसपी मुख्यालय प्रदीप कुमार ने दी। शव को बंशी नाला जंगल में छिपा दिया था डीएसपी ने बताया कि आरोपी छोटू से मोबाइल छीनने के लिए उसे बहला-फुसलाकर जंगल की ओर ले जा रहे थे। इसी दौरान छोटू ने इसका विरोध किया। आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों ने उसका गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को बंशी नाला जंगल में छिपा दिया था। सोमवार को आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने मृतक का कंकाल, कपड़े, स्कूल ड्रेस, चप्पल और छीना गया मोबाइल बरामद किया। साथ ही, घटना में इस्तेमाल की गई बाइक और दो अन्य मोबाइल भी जब्त किए गए। आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। 22 अगस्त को मनिका थाना में FIR दर्ज कराई थी मनिका थाना प्रभारी विक्रांत उपाध्याय ने बताया कि बेलवाटांड़ निवासी कृष्णा प्रसाद ने अपने 16 साल के बेटे छोटू कुमार के अपहरण को लेकर 22 अगस्त को मनिका थाना में FIR दर्ज कराई थी। मामले का खुलासा करने के लिए एसपी के निर्देश पर डीएसपी मुख्यालय प्रदीप कुमार के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई थी। टीम ने तकनीकी जांच और जानकारी जुटाकर मामले में शामिल आरोपियों तक पहुंच बनाई।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *