Headlines

अमृतसर में युवक की संदिग्ध हालत में मौत:शरीर पर चोट से परिवार ने हत्या की आशंका जताई, पुलिस जांच पर सवाल; थाने के बाहर प्रदर्शन




अमृतसर के थाना गेट हकीमां इलाके में 21 साल के एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने का मामला सामने आया है। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि युवक एक सैलून में काम करता था और उसका किसी प्रकार का कोई नशा नहीं था। परिजनों के मुताबिक, युवक को देर शाम उसका एक दोस्त घर से बुलाकर अपने साथ ले गया था। जब वह देर रात तक वापस नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। अगले दिन उसका शव संदिग्ध अवस्था में झाड़ियों में पड़ा मिला। मृतक के परिवार का आरोप है कि शव की हालत देखकर साफ लग रहा है कि उसकी हत्या की गई है। उसके शरीर पर जगह-जगह चोटों के गहरे निशान थे और मुंह से खून बह रहा था। परिजनों ने पुलिस की इस थ्योरी को खारिज कर दिया कि यह मौत नशे की ओवरडोज से हुई है। उन्होंने मांग की है कि घटना स्थल से मिली सिरिंज और मृतक के शरीर पर बने चोट के निशानों की निष्पक्ष जांच की जाए। पुलिस कार्रवाई से असंतुष्ट परिजनों ने लगाया जाम परिजनों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए कहा कि जिस संदिग्ध दोस्त पर उन्हें हत्या का शक था, उसे उन्होंने खुद पकड़कर पुलिस के हवाले किया था। इसके बावजूद पुलिस ने कोई सख्त कार्रवाई नहीं की। इसी ढुलमुल रवैये से नाराज होकर पीड़ित परिवार और स्थानीय लोगों ने गेट हकीमां थाने के बाहर धरना दे दिया और सड़क जाम कर इंसाफ की गुहार लगाई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई: पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी रजिंदर सिंह ने परिजनों से बातचीत कर उन्हें उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद धरना समाप्त करवाया गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *