Headlines

मोहाली में किसानों ने बिजली के लिए हाईवे किया जाम:एक्सईएन कार्यालय के बाहर प्रदर्शन; 20 घंटे नियमित सप्लाई का आश्वासन मिलने पर माने




मोहाली जिले के लालड़ू में मंगलवार को खेती की मोटरों को पर्याप्त बिजली नहीं मिलने से नाराज किसानों ने अंबाला-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया। भारतीय किसान यूनियन एकता उगराहां के बैनर तले किसान पहले पावरकाम के एक्सईएन कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर रहे थे। अधिकारियों से संतोषजनक जवाब नहीं मिलने के बाद किसानों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। किसान मौखिक आश्वासन मानने को तैयार नहीं थे और बिजली आपूर्ति को लेकर लिखित भरोसे की मांग कर रहे थे। करीब एक घंटे तक चले घटनाक्रम के बाद पुलिस प्रशासन और पावरकाम अधिकारियों ने किसान नेताओं के साथ बैठक की। पावरकाम की ओर से खेती की मोटरों को भविष्य में 20 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति देने का लिखित आश्वासन मिलने के बाद किसानों ने जाम हटा लिया और धरना समाप्त कर दिया। फोटो में देखिए जाम एक्सईएन कार्यालय के बाहर शुरू किया था प्रदर्शन इससे पहले भारतीय किसान यूनियन एकता उगराहां के ब्लॉक डेराबस्सी के बैनर तले विभिन्न गांवों के किसान लालड़ू स्थित पावरकाम के एक्सईएन कार्यालय पहुंचे थे। जिला प्रधान लखविंदर सिंह हैप्पी मलकपुर के नेतृत्व में किसानों ने पंजाब सरकार और पावरकाम के खिलाफ नारेबाजी की। किसान नेताओं ने कहा कि खेती की मोटरों को जरूरत के मुताबिक बिजली नहीं मिल रही है। इससे खेतों में सिंचाई का काम प्रभावित हो रहा है और किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों ने अधिकारियों से बिजली आपूर्ति की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की। अधिकारियों से संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो हाईवे जाम किया किसानों का कहना था कि उन्हें अधिकारियों की ओर से मौखिक आश्वासन दिया जा रहा था, लेकिन वे लिखित आश्वासन के बिना प्रदर्शन खत्म करने के लिए तैयार नहीं थे। जब उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो किसान अंबाला-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहुंच गए और सड़क पर बैठकर जाम लगा दिया। हाईवे जाम होने से कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ। मौके पर पुलिस प्रशासन भी पहुंच गया और किसानों से बातचीत शुरू की गई। पावरकाम ने लिखित में दिया 20 घंटे बिजली का भरोसा करीब एक घंटे तक चले घटनाक्रम के बाद पुलिस प्रशासन और पावरकाम अधिकारियों ने किसान नेताओं के साथ बैठक की। बैठक में बिजली आपूर्ति को लेकर किसानों की मांग पर चर्चा हुई। बैठक के दौरान पावरकाम की ओर से खेती की मोटरों को भविष्य में 20 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का लिखित आश्वासन दिया गया। लिखित भरोसा मिलने के बाद किसान हाईवे से हट गए। इसके बाद किसानों ने अपना धरना भी समाप्त कर दिया और यातायात सामान्य हो गया। किसानों ने कहा कि खेती के लिए बिजली आपूर्ति में किसी तरह की कटौती या परेशानी होने पर वे दोबारा अधिकारियों के समक्ष अपनी मांग रखेंगे। बड़ी संख्या में किसान रहे मौजूद प्रदर्शन में करनैल सिंह, जसवंत सिंह कुरली, जसविंदर सिंह, बलदेव सिंह रुड़की, लखविंदर सिंह लक्की साधापुर, अमनप्रीत सिंह हंडेसरा, जय सिंह शींहपुर, सतविंदर सिंह बलटाना, दलवीर सिंह ढिल्लों, गुरचरण सिंह बटोली, हरजीत सिंह बड़ाणा, जवाला सिंह खेड़ी जट्टां, धरविंदर सिंह जोला, दलजीत सिंह धर्मगढ़, गुरविंदर सिंह खजूर मंडी, निर्मल सिंह जंडली, कुलवीर सिंह अंबछप्पा और गुरविंदर सिंह हसनपुर सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *