![]()
यमुनानगर शहर के गांधी नगर में एक मकान के अंदर कथित तौर पर अवैध रूप से संचालित पनीर निर्माण इकाई पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने छापा मारा। कार्रवाई के दौरान मौके से करीब एक क्विंटल एनालॉग पनीर बरामद हुआ। अधिकारियों के अनुसार, बरामद पनीर से बदबू आ रही थी। मौके पर दूध भी मिला, जिसकी गुणवत्ता खराब बताई जा रही है। विभाग ने पनीर का सैंपल लेने के बाद शेष पनीर को गड्ढा खोदकर जमीन में दबा दिया। विभाग का दावा है कि यहां तैयार पनीर को पिछले करीब तीन साल से जिले में सप्लाई किया जा रहा था। 240 रुपये किलो में डेयरी, होटल और ढाबों तक सप्लाई खाद्य सुरक्षा विभाग को मिली गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने गांधी नगर स्थित मकान में छापेमारी की। कार्रवाई का नेतृत्व फूड सेफ्टी ऑफिसर डॉ. गुलाब ने किया। उन्होंने बताया कि इस इकाई को बिहार के मोतिहारी निवासी एक व्यक्ति संचालित कर रहा था। आरोप है कि यहां तैयार पनीर को करीब 240 रुपये प्रति किलो के हिसाब से जिले की डेयरी दुकानों, होटलों, रेस्टोरेंट, ढाबों और कैटरिंग कारोबार से जुड़े लोगों को सप्लाई किया जा रहा था। विभाग का कहना है कि इकाई के पास खाद्य कारोबार से संबंधित आवश्यक लाइसेंस या प्रमाणपत्र नहीं थे। अधिकारियों के अनुसार, यह कारोबार करीब तीन साल से चल रहा था। सैंपल लेने के बाद पनीर जमीन में दबाया कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग ने बरामद पनीर का सैंपल लिया। इसके बाद शेष पनीर को गड्ढा खोदकर जमीन में दबा दिया गया। मौके पर मिले दूध की गुणवत्ता को लेकर भी विभाग ने खराब होने की बात कही है। हालांकि, पनीर और दूध की वास्तविक गुणवत्ता, उनमें इस्तेमाल सामग्री तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन की स्थिति जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। डॉ. गुलाब ने बताया कि उन्हें तीन चार दिन से शिकायत मिल रही थी कि एक व्यक्ति बड़े कम दाम पर पनीर बेच रहा है। उसके बाद भी यह छापेमारी की गई है। बाजार में सामान्य पनीर की कीमत 350 रुपये प्रति किलो से अधिक, जबकि थोक भाव भी 300 रुपये प्रति किलो से ऊपर है। ऐसे में 240 रुपये प्रति किलो में पनीर मिलना संदिग्ध है।
Source link
यमुनानगर में एक क्विंटल नकली पनीर पकड़ा:विभाग ने जमीन में दबाया, घर में चल रही थी पनीर बनाने की यूनिट, सैंपल लिए
