अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे नगर पालिका कर्मचारी संघ से जुड़े सफाई और दमकल कर्मचारियों की हड़ताल तीन दिन और बढ़ गई है। कर्मचारियों ने अब 9 सितंबर तक हड़ताल जारी रखने का ऐलान किया है। हड़ताल के कारण शहर में सफाई व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो गई है। इसकी के चलते आज सोमवार को नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के बैनर तले सफाई और दमकल कर्मचारियों ने यमुनानगर में रोष मार्च निकालकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कर्मचारी शहर के अलग-अलग हिस्सों में पहुंचे और अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की। रोष मार्च के दौरान कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा। सरकार ने 14-15 मांगें मानने का किया था दावा नगर पालिका शाखा प्रधान पपला ने कहा कि कर्मचारियों की मांगों को लेकर सरकार के साथ कई दौर की बातचीत हो चुकी है। बातचीत के दौरान सरकार की ओर से करीब 14 से 15 मांगें मान लिए जाने का दावा किया गया था, लेकिन अभी तक धरातल पर एक भी मांग पूरी नहीं हुई है। मांगों को पूरा करने संबंधी सरकार की ओर से कोई पत्र तक जारी नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने सत्ता में आने से पहले कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने का वादा किया था, लेकिन आज तक किसी भी कच्चे कर्मचारी को नियमित नहीं किया गया। कर्मचारियों का आरोप है कि बार-बार बातचीत और आश्वासन के बावजूद उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा। कोरोना काल में जान जोखिम में डालकर किया काम कर्मचारी नेता ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान जब लोग अपने घरों से बाहर निकलने से डर रहे थे, उस समय सफाई कर्मचारियों ने अपनी जान की परवाह किए बिना शहरों और गांवों की सफाई व्यवस्था को संभाला था। सफाई कर्मचारियों ने संक्रमण के खतरे के बीच लगातार काम करते हुए लोगों को साफ-सुथरा माहौल उपलब्ध कराया था। बता दें कि सफाई कर्मचारी प्रदेशभर में 6 अगस्त से हड़ताल पर हैं। कर्मचारियों की मुख्य मांगों में सभी सफाई कर्मचारियों को पक्का करना, ठेका प्रथा समाप्त करना और कर्मचारियों को समय पर वेतन देना शामिल है। कर्मचारियों का कहना है कि सरकार जब तक इन मांगों पर लिखित और ठोस फैसला नहीं लेती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
Source link
यमुनानगर में सफाई कर्मचारियों ने निकाला रोष मार्च:तीन दिन बढ़ी हड़ताल, 9 सितंबर तक नहीं होगी शहर में सफाई
