Headlines

योनो ऐप के बहाने रिटायर्ड टीचर से ठगी:साइबर ठग ने खुद को बैंक कर्मी बताया, खाते की जानकारी लेकर निकाले 3.16 लाख, केस दर्ज




बिलासपुर में साइबर ठगों ने रिटायर्ड टीचर को अपना शिकार बनाया है। सरकंडा थाना क्षेत्र के जबड़ापारा के रिटायर्ड शिक्षक से योनो ऐप डाउनलोड कराने और बैंक जानकारी लेने के बहाने 3 लाख 16 हजार रुपए की ऑनलाइन ठगी की गई। पीड़ित की शिकायत पर सरकंडा पुलिस ने अज्ञात मोबाइल नंबर धारकों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जबड़ापारा निवासी 89 साल के रिटायर्ड शिक्षक नत्थूराव करनेवार ने बताया कि गुरुवार शाम करीब 4:30 बजे उनके मोबाइल पर अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को बैंक कर्मचारी बताया और उन्हें योनो ऐप डाउनलोड करने को कहा। बुजुर्ग नत्थूराव कॉलर की बातों में आ गए। उन्होंने ऐप डाउनलोड करने की प्रक्रिया करते हुए अपने बैंक खाते की गोपनीय जानकारी साझा कर दी। जानकारी मिलते ही ठगों ने इंडियन बैंक शाखा ईदगाह चौक के खाते से तुरंत 3,16,919 रुपए निकाल लिए। खाते से इतनी बड़ी रकम कटने का मैसेज देखकर बुजुर्ग हैरान रह गए। उन्होंने तुरंत बैंक पहुंचकर अपना डेबिट कार्ड ब्लॉक कराया और साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित की लिखित शिकायत पर सरकंडा पुलिस ने अज्ञात मोबाइल धारकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस अब कॉल डिटेल और तकनीकी सबूतों के आधार पर आरोपियों का पता लगाने में लगी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *