![]()
राजधानी रांची में अगले पांच दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 21 सितंबर तक रांची और आसपास के इलाकों में रोजाना एक-दो बार बारिश हो सकती है। इस दौरान कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश होने की संभावना है। बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और स्थानीय स्तर पर बन रहे बादलों के कारण बारिश का दायरा सीमित रह सकता है। इससे एक ही समय में शहर के कुछ इलाकों में झमाझम बारिश और दूसरे हिस्सों में सूखा रह सकता है। 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने और वज्रपात की भी आशंका है। इसे लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। दोपहर में बदले मौसम ने चौंकाया मंगलवार को भी राजधानी में मौसम का मिजाज इसी तरह रहा। दोपहर में धुर्वा, हटिया, कोकर और कांके रोड समेत कुछ इलाकों में अचानक घने बादल छा गए और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के कारण सड़कों पर पानी जमा हो गया और उमस से परेशान लोगों को कुछ राहत मिली। वहीं शहर के मध्य और कई रिहायशी इलाकों में दिनभर बादलों की आवाजाही होती रही, लेकिन बारिश नहीं हुई। मौसम विज्ञान केंद्र के आंकड़ों के अनुसार मंगलवार को रांची में 18 मिमी बारिश दर्ज की गई। सिमडेगा में पांच और देवघर में तीन मिमी बारिश हुई। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, हवा में अत्यधिक नमी और दोपहर में तापमान बढ़ने से स्थानीय स्तर पर बादल बन रहे हैं। ये बादल पूरे शहर में फैलने के बजाय सीमित क्षेत्र में केंद्रित हो रहे हैं, जिससे अचानक तेज बारिश हो रही है। 17 सितंबर तक कई हिस्सों में बादल साइक्लोनिक सर्कुलेशन के रांची होकर गुजरने और बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने से राज्य में फिर बारिश का माहौल बना है। मौसम विभाग के अनुसार 17 सितंबर तक झारखंड के कई हिस्सों में आकाश में बादल छाए रहेंगे। हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान गर्जन के साथ 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। मंगलवार को रांची के अधिकतम तापमान में एक डिग्री की वृद्धि हुई और यह 31.1 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान 22.5 डिग्री दर्ज किया गया। जमशेदपुर का अधिकतम तापमान तीन डिग्री बढ़कर 35.4 डिग्री और मेदिनीनगर का एक डिग्री बढ़कर 34.6 डिग्री सेल्सियस रहा। अगले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। झारखंड में सामान्य से 5% कम राज्य में मानसून की अवधि एक जून से 30 सितंबर तक मानी जाती है। हालांकि मानसून की वापसी की प्रक्रिया अक्तूबर के दूसरे सप्ताह तक चलती है। एक जून से 15 सितंबर 2026 तक झारखंड में सामान्य से पांच प्रतिशत कम बारिश हुई है। इस अवधि में राज्य में सामान्य बारिश 920.8 मिमी होनी चाहिए थी, जबकि अब तक 871.9 मिमी बारिश दर्ज की गई है। इसके विपरीत रांची में 15 सितंबर तक 1056 मिमी बारिश हो चुकी है, जो सामान्य से करीब 13 प्रतिशत अधिक है। राज्य में पाकुड़ में सामान्य से 49 प्रतिशत, चतरा में 36 प्रतिशत और देवघर में 31 प्रतिशत कम बारिश हुई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी के कारण रांची समेत राज्य के कुछ हिस्सों में आने वाले दिनों में भी बारिश की संभावना बनी रहेगी।
Source link
रांची में 21 तक रोजाना बारिश के आसार:कहीं झमाझम बारिश तो कहीं सूखा, बादलों की आंख-मिचौली जारी, वज्रपात का यलो अलर्ट
