![]()
राखी के त्यौहार पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज 1.37 लाख सत्कार सखियों को 52.20 करोड़ रुपए की सम्मान राशि ट्रांसफर कर भाई का फर्ज निभाया। इसके साथ ही उन्होंने पूरे पंजाब की महिलाओं तक मुख्यमंत्री मावां-धीयां सत्कार योजना पहुंचाने में सत्कार सखियों के अथक योगदान की भरपूर सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि सत्कार सखियों के प्रयासों की बदौलत ही इस योजना के तहत 75 लाख से अधिक महिलाओं का पंजीकरण संभव हो सका है और योग्य लाभार्थियों के बैंक खातों में सम्मान राशि पहुंचना सुनिश्चित हुआ है। इस पहल का जिक्र करते हुए सीएम ने बताया कि अब तक इस योजना के तहत 76.11 लाख महिलाओं का पंजीकरण हो चुका है, जिनमें से 68.06 लाख महिलाओं के खातों में 2,381 करोड़ रुपए पहले ही ट्रांसफर किए जा चुके हैं। उनकी सरकार ने इस योजना से एक करोड़ महिलाओं को जोड़ने का लक्ष्य रखा है, जबकि सत्कार सखियों को प्रत्येक पंजीकरण के लिए 300 रुपए मिलेंगे, जिससे वे इस पहल के माध्यम से 200 करोड़ रुपए से अधिक की कमाई कर सकेंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं के कल्याण के लिए पंजाब सरकार की प्रतिबद्धता दृढ़ रहेगी और जब तक पंजाब में आप सरकार है, मुख्यमंत्री मावां-धीयां सत्कार योजना बंद नहीं होगी। इस दौरान आप पंजाब महिला विंग की अध्यक्ष एवं विधायक डॉ. अमनदीप कौर, विधायक डॉ. जीवनजोत कौर, विधायक इंद्रजीत कौर तथा कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा और हरभजन सिंह ई.टी.ओ. भी मौजूद थे। एक्स पर जानकारी साझा करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने लिखा कि “राखी के पवित्र त्यौहार पर हमारी सरकार बहनों से किए वादे को पूरा कर रही है। आज मैंने गोइंदवाल साहिब में ‘त्कार सखी सम्मान समारोह में वर्चुअल रूप से शिरकत की। मावां-धीयां सत्कार योजना के तहत 75 लाख से अधिक महिलाओं के खातों में सम्मान राशि भेजी जा रही है। उन सभी सत्कार सखियों का तहे दिल से धन्यवाद जिन्होंने जरूरतमंद परिवारों के पंजीकरण और फॉर्म भरने में मदद की। इस नेक सेवा के लिए आपका नाम इतिहास में दर्ज होगा। इस व्यापक सरकारी योजना को घर-घर पहुंचाने और महिलाओं के बैंक खातों में सम्मान राशि पहुंचाने के लिए सभी सत्कार सखियों को बहुत-बहुत मुबारकबाद और दिल से धन्यवाद। सत्कार सखियों को सम्मान राशि देने के लिए आयोजित समारोह के दौरान सभा को वर्चुअल रूप से संबोधित करते हुए सीएम मान ने कहा कि उनकी सरकार ने राखी के त्यौहार पर पहली किस्त जारी कर महिला लाभार्थियों को रखी का विशेष तोहफा दिया है। सीएम ने बताया कि यह सहायता राशि सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जा रही है और पंजाब की 97 प्रतिशत महिलाओं को इस योजना का लाभ मिलने की उम्मीद है। राज्य सरकार ने इस पहल के लिए बजट में 9,300 करोड़ रुपए रखे हैं। राखी के त्यौहार पर मुख्यमंत्री ने कहा, मैंने 1.37 लाख सत्कार सखियों को 52.20 करोड़ रुपए ट्रांसफर कर भाई का फर्ज निभाया है। मुख्यमंत्री मावां-धीयां सत्कार योजना को बड़ी सफलता दिलाने में सत्कार सखियों ने अहम भूमिका निभाई है, क्योंकि उनके सुहृदय प्रयासों से ही 75 लाख से अधिक महिलाओं का पंजीकरण संभव हुआ है। उन्होंने आगे कहा, सत्कार सखियों ने इस योजना को पूरे पंजाब की महिलाओं तक पहुंचाने में बहुत बड़ा योगदान दिया है। उनकी मेहनत की बदौलत ही 75 लाख से अधिक महिलाएं मुख्यमंत्री मावां-धीयां सत्कार योजना से जुड़ सकी हैं। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बताया कि सत्कार सखियों को प्रत्येक पंजीकरण के लिए 300 रुपए मिलेंगे और 100 रुपए प्रति पंजीकरण के हिसाब से 52.20 करोड़ रुपए की पहली किस्त जारी की जा चुकी है। उन्होंने कहा, “हमारी सरकार ने एक करोड़ महिलाओं को योजना से जोड़ने का लक्ष्य रखा है। सत्कार सखियां इस पहल के माध्यम से 200 करोड़ रुपए से अधिक की कमाई करेंगी। इस दौरान AAP पंजाब के महिला विंग की अध्यक्ष और विधायक डॉ. अमनदीप कौर ने पंजाब भर की महिलाओं तक मुख्यमंत्री मावां-धीयां सत्कार योजना पहुंचाने में सत्कार सखियों और समूचे महिला विंग के समर्पित योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि ये बहनें सिर्फ महिलाओं के फॉर्म भरवाने में ही मदद नहीं कर रही हैं, बल्कि उनकी जिंदगी बदलने में एक बड़े सहारे का स्रोत बन रही हैं। उन्होंने आगे कहा, महिला विंग आम आदमी पार्टी के लिए जमीनी स्तर पर काम करने वाली सबसे मजबूत ताकत के रूप में उभरा है, जो 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों में पार्टी की सत्ता में वापसी को सुनिश्चित करने के लिए सबसे अहम भूमिका निभाएगा। विधायक डॉ. अमनदीप कौर ने कहा, आप वे बहनें हैं जिन्होंने अपनी गलियों और मोहल्लों में महिलाओं के फॉर्म भरे और उनकी जिंदगी बदलने में मदद की। आप हर रोज अनेकों महिलाओं की जरूरतों के मुताबिक उनकी मदद करती हैं और उनकी समस्याओं का समाधान करने में अपना पूरा योगदान देती हैं। मैं इस समर्पित कार्य के लिए समूची महिला विंग की टीम को बधाई देती हूं। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा और हरभजन सिंह ई.टी.ओ., कई विधायक और अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।
Source link
राखी पर सीएम मान ने निभाया भाई का फर्ज:1.37 लाख सत्कार सखियों के खातों में डाली सम्मान राशि
