Headlines

रातभर बरसे बादल, सतना में सड़कें बनीं तालाब:कम दबाव के दो सिस्टम सक्रिय, अगले तीन दिन तक रीवा संभाग में बारिश का यलो अलर्ट




सतना जिले में गुरुवार शाम से शुरू हुआ बारिश का दौर शुक्रवार सुबह भी जारी रहा। लगातार बारिश से पिछले कुछ दिनों से बनी गर्मी और उमस से लोगों को राहत मिली है। मौसम विभाग ने सतना समेत पूरे रीवा संभाग में अगले तीन दिनों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कई स्थानों पर हल्की से मध्यम और कुछ इलाकों में तेज बारिश होने की संभावना है। रुक-रुककर होती रही बारिश गुरुवार शाम करीब 5 बजे तेज बारिश शुरू हुई। इसके बाद देर रात तक रुक-रुककर हल्की से मध्यम बारिश होती रही। शुक्रवार सुबह भी बारिश का सिलसिला जारी रहा। गुरुवार को सतना का अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री और न्यूनतम 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बारिश के बाद तापमान में गिरावट आई, जिससे मौसम सुहाना हो गया। सुबह हवा में नमी 89 प्रतिशत, जबकि शाम को 91 प्रतिशत दर्ज की गई। कई सड़कों पर जलभराव बारिश के बाद शहर के कई हिस्सों में सड़क पर पानी जमा हो गया। नालियों की नियमित सफाई नहीं होने के कारण कई जगह जल निकासी बाधित रही। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत बनाई गई कुछ सड़कों के आसपास भी जलभराव की समस्या सामने आई। सड़कें ऊंची होने के कारण कुछ स्थानों पर बारिश का पानी आसपास के घरों में पहुंच गया, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। दो मौसम प्रणालियां सक्रिय मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र धीरे-धीरे मैदानी इलाकों की ओर बढ़ रहा है। वहीं मानसून ट्रफ लाइन बंगाल की खाड़ी से पूर्वी उत्तर प्रदेश होते हुए हरियाणा तक बनी हुई है। इसके अलावा झारखंड के आसपास बना एक अन्य कम दबाव का क्षेत्र भी पूर्वी मध्यप्रदेश की ओर बढ़ रहा है। इन मौसम प्रणालियों के प्रभाव से सतना समेत रीवा संभाग में अगले तीन दिनों तक बारिश की गतिविधियां बनी रहने की संभावना है। अगले तीन दिन बारिश के आसार मौसम विभाग के मुताबिक, अगले तीन दिनों में संभाग के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश, जबकि कुछ स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है। बारिश के साथ गरज-चमक की स्थिति भी बन सकती है। प्रशासन ने जलभराव वाले क्षेत्रों और तेज बहाव वाले नदी-नालों के आसपास सावधानी बरतने की अपील की है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *